अगर आपको बैंक की शाखा में जाकर कोई जरूरी काम निपटाना है तो यह खबर आपके लिए अहम है। 11 सितंबर से लगातार तीन दिनों तक बैंक शाखाओं का काम प्रभावित रहेगा। 11 सितंबर को देशव्यापी बैंक हड़ताल है, जबकि 12 सितंबर को दूसरा शनिवार और 13 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। ऐसे में चेक, कैश जमा, बैंक में जाकर दस्तावेज संबंधी काम और दूसरे ब्रांच से जुड़े कार्यों के लिए ग्राहकों को परेशानी हो सकती है।
SBI ने ग्राहकों को किया अलर्ट
देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक SBI ने भी 11 सितंबर की प्रस्तावित हड़ताल को लेकर ग्राहकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। बैंक के मुताबिक, यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस की ओर से देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया गया है। हालांकि राहत की बात यह है कि बैंक की डिजिटल सेवाएं प्रभावित नहीं होंगी। इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और दूसरी ऑनलाइन सुविधाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की उम्मीद है। ग्राहक घर बैठे कई जरूरी बैंकिंग काम निपटा सकेंगे।
UPI और ATM से जारी रहेंगे ये काम
तीन दिन शाखाएं बंद रहने के बावजूद डिजिटल पेमेंट करने वाले ग्राहकों को बड़ी राहत मिलेगी। UPI से पैसे भेजने और भुगतान करने की सुविधा जारी रहेगी। इसके अलावा ATM से कैश निकालने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। हालांकि ATM में कैश खत्म होने की स्थिति में परेशानी हो सकती है, क्योंकि बंदी के दौरान कैश भरने जैसी सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। इसलिए जिन्हें अगले कुछ दिनों में नकदी की जरूरत है, वे पहले से इसकी व्यवस्था कर सकते हैं।
कौन से काम अटक सकते हैं?
इन तीन दिनों में बैंक शाखा जाकर किए जाने वाले जरूरी काम नहीं हो पाएंगे। इसलिए अगर आपको कैश जमा करना है, चेक से जुड़ा काम है या किसी दस्तावेज के लिए शाखा जाना है तो इसे 10 सितंबर को ही निपटाना बेहतर रहेगा। वहीं ऑनलाइन ट्रांसफर, UPI भुगतान और मोबाइल/इंटरनेट बैंकिंग जैसे काम किए जा सकते हैं। किसी डिजिटल सेवा में परेशानी आने पर ग्राहक अपने बैंक के कस्टमर केयर से संपर्क कर सकते हैं। इसलिए बैंक जाने से पहले छुट्टी और हड़ताल की स्थिति जरूर जांच लें, ताकि आपका जरूरी काम आखिरी समय पर न अटके।
Read more-दलीप ट्रॉफी जीतते ही ईशान-वैभव ने मचाया धमाल, मैदान पर जो हुआ उसका VIDEO वायरल
