वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी की मौत का मामला चर्चा में है। दीपक की मौत के बाद सामने आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर कई गंभीर चोटों की बात कही गई है। रिपोर्ट के अनुसार ज्यादा खून बहने और गंभीर चोटों की वजह से उनकी मौत हुई। इसी बीच दीपक की मां ने बेटे के वृंदावन जाने और वहां रहने के बारे में कई बातें बताई हैं। मां के अनुसार दीपक पहले भी वृंदावन गया था। बाद में उसने वहीं रहकर भक्ति करने की इच्छा जताई और करीब आठ महीने तक वहीं रहा। परिवार कई बार उससे मिलने पहुंचा, लेकिन मां का कहना है कि उनकी मुलाकात नहीं हो सकी।
तीन दिन रहीं, फिर भी बेटे से नहीं मिल पाईं
प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी की मां के मुताबिक वह बेटे से मिलने के लिए कई बार वृंदावन गई थीं। उन्हें हर बार अलग-अलग जानकारी दी जाती थी। कभी कहा जाता कि दीपक वहां नहीं है तो कभी बताया जाता कि वह भक्ति में व्यस्त है। मां ने बताया कि एक बार वह करीब तीन दिन तक वृंदावन में रहीं, लेकिन इसके बाद भी बेटे से मुलाकात नहीं हो सकी। परिवार ने यह जानकारी भी दी थी कि दीपक के माता-पिता उससे मिलने आए हैं। मां के अनुसार इसके बावजूद बातचीत नहीं कराई गई। उन्होंने बताया कि दीपक पढ़ाई में अच्छा था और पूजा-पाठ में भी काफी रुचि रखता था।
पोस्टमार्टम में शरीर पर कई चोटों की बात
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी के शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर चोटों का जिक्र किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार सिर के पीछे चोट थी और खोपड़ी में भी फ्रैक्चर मिला। इसके अलावा पैर में चोट और फ्रैक्चर, कई पसलियों में टूटने और फेफड़े को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। शरीर के दूसरे हिस्सों में भी चोटों का उल्लेख किया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक इन गंभीर चोटों के कारण काफी खून बहा और इसी वजह से शरीर में शॉक की स्थिति बनी। पोस्टमार्टम में मौत की वजह गंभीर चोटों के कारण हुआ अत्यधिक रक्तस्राव बताई गई है।
कमरे से मिला ग्राइंडर, जांच में जुटी पुलिस
मामले की जांच के दौरान दीपक के कमरे से ग्राइंडर मिलने की बात भी सामने आई है। अब पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले सामान और दूसरे सबूतों की मदद से मौत की पूरी वजह जानने की कोशिश कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि शरीर पर इतनी गंभीर चोटें किन परिस्थितियों में आईं। पुलिस अलग-अलग पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। ऐसे में जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि दीपक की मौत की असल परिस्थितियां क्या थीं।
