तमिलनाडु के मदुरै जिले में धार्मिक परंपरा के तहत दीप जलाने का मामला अब बड़ा विवाद बन गया है। तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित प्राचीन दीपथून (पत्थर के स्तंभ) पर कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर प्रशासन और हिंदू संगठनों के बीच तनाव की स्थिति पैदा हो गई है। मामले में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद भी विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने 23 नवंबर की रात से 25 नवंबर की सुबह तक इलाके में निषेधाज्ञा लागू कर दी है। इसके तहत बिना अनुमति लोगों के इकट्ठा होने, जुलूस निकालने और विरोध प्रदर्शन करने पर रोक लगा दी गई है। पहाड़ी पर आम लोगों के जाने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।
5,618 पुलिसकर्मी तैनात, BJP और हिंदू संगठनों के नेताओं पर कार्रवाई
विवाद को देखते हुए प्रशासन ने तिरुप्परनकुंद्रम और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए हैं। पहाड़ी और मंदिर परिसर की सुरक्षा के लिए कुल 5,618 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इनमें वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और दूसरे जिलों से बुलाए गए सुरक्षाकर्मी भी शामिल हैं। पुलिस ने विवादित दीपथून की घेराबंदी कर दी है। वहीं, दीपम उत्सव में शामिल होने की तैयारी कर रहे BJP और हिंदू मुन्नानी के कुछ नेताओं को नजरबंद कर दिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 70 से अधिक CCTV कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा 23 और 24 नवंबर को पहाड़ी और आसपास के निर्धारित क्षेत्रों में ड्रोन उड़ाने पर भी रोक लगाई गई है। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी क्यों उठ रहे सवाल?
इस पूरे विवाद के बीच सुप्रीम कोर्ट का निर्देश भी चर्चा में है। अदालत ने विवादित दीपथून पर परंपरागत कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति से जुड़े आदेश में स्पष्ट किया कि दीप प्रज्ज्वलन केवल अधिकृत लोगों द्वारा किया जाएगा। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आम लोगों की आवाजाही और सभाओं पर नियंत्रण रहेगा। दूसरी ओर, BJP नेता और पूर्व राज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि एक पक्ष को विरोध प्रदर्शन की अनुमति दी जा रही है, जबकि हिंदू संगठनों के नेताओं को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने से रोका जा रहा है। उन्होंने इसे दोहरे मापदंड का मामला बताया है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश और प्रशासन की सख्ती के बीच दीपम की परंपरा को लेकर जारी यह विवाद आखिर कब खत्म होगा।
