बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को नदवां गांव में होने जा रही है। इस भव्य विवाह समारोह को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शादी में करीब 4 लाख मेहमानों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इतनी बड़ी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं। जानकारी के मुताबिक, समारोह में करीब 500 पुलिसकर्मियों और 3 हजार निजी बाउंसरों की तैनाती की जाएगी। पूरे आयोजन को तीन लेयर की सुरक्षा में बांटा गया है। शादी स्थल से करीब दो किलोमीटर पहले ही पुलिस की निगरानी शुरू हो जाएगी, ताकि भीड़ और वाहनों को नियंत्रित किया जा सके।
आम मेहमानों से VIP तक, सबके लिए अलग रास्ते और खाने की व्यवस्था
शादी में अव्यवस्था से बचने के लिए आम लोगों, बारातियों और VIP मेहमानों के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। आम लोगों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने और भोजन करने का अलग पंडाल तैयार किया गया है। वहीं बारातियों और विशिष्ट अतिथियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। खाने के लिए भी तीन बड़े पंडाल बनाए गए हैं, जहां अलग-अलग श्रेणियों के मेहमान भोजन कर सकेंगे। अनंत सिंह ने भी भरोसा दिलाया है कि शादी में आने वाले किसी भी मेहमान को परेशानी नहीं होगी। उन्होंने बताया कि समारोह में पूरी तरह शाकाहारी भोजन परोसा जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था का पुलिस अधिकारियों ने लिया जायजा
शादी समारोह को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है। बाढ़ के SDOP रामकृष्ण पुलिस टीम के साथ नदवां पहुंचकर सुरक्षा तैयारियों का जायजा ले चुके हैं। इससे पहले पटना पुलिस की टीम ने भी हेलीपैड, पार्किंग और विवाह स्थल तक पहुंचने वाले रास्तों का निरीक्षण किया था। पुलिस की खास नजर VIP मेहमानों की आवाजाही, वाहनों की पार्किंग और आपात स्थिति में रास्ता खाली कराने पर है। हालांकि 500 पुलिसकर्मियों और 3 हजार बाउंसरों की तैनाती के आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि सार्वजनिक नहीं हुई है। अब आज होने वाले इस भव्य समारोह में सबसे बड़ी चुनौती लाखों मेहमानों की भीड़ को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संभालने की होगी।
