योग गुरु स्वामी रामदेव और बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बीच बयानबाजी को लेकर चल रहा विवाद अब नया मोड़ लेता दिखाई दे रहा है। हरिद्वार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बाबा रामदेव ने धीरेंद्र शास्त्री को लेकर ऐसा बयान दिया, जिसकी काफी चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि बागेश्वर बाबा उनके बेटे, छोटे भाई और शिष्य जैसे हैं। रामदेव के मुताबिक, धीरेंद्र शास्त्री की कुछ बातें उन्हें अच्छी नहीं लगी थीं, इसलिए उन्होंने उन्हें डांट लगाई थी। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि धीरेंद्र शास्त्री ने उनकी डांट को नाराजगी नहीं, बल्कि प्यार और अपनापन समझकर स्वीकार किया। रामदेव ने इसे धीरेंद्र शास्त्री का बड़प्पन बताया।
भगवान राम और कृष्ण की तुलना पर शुरू हुआ था विवाद
दरअसल, इस पूरे मामले की शुरुआत उस समय हुई जब धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भगवान राम और भगवान कृष्ण को लेकर दिए गए बयान पर बाबा रामदेव ने नाराजगी जताई थी। रामदेव ने धार्मिक हस्तियों की तुलना करने पर कड़ी आपत्ति जताई थी और सार्वजनिक मंच से अपनी नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री के बयान को अनुचित बताते हुए तीखी टिप्पणी भी की थी। इसके बाद धीरेंद्र शास्त्री की प्रतिक्रिया सामने आई थी। उन्होंने कहा था कि रामदेव उनके लिए बड़े और पूजनीय हैं। कुछ दिन पहले ही रामदेव उनके कार्यक्रम में आए थे और उनकी प्रशंसा की थी। अगर उनकी किसी बात से रामदेव को दुख पहुंचा है तो उन्होंने अपनी बात रखी होगी। धीरेंद्र शास्त्री ने यह भी कहा कि वह संतों की आलोचना और प्रशंसा दोनों को स्वीकार करते हैं।
बांके बिहारी मंदिर जाने के बाद भी जारी रही चर्चा
विवाद के बीच धीरेंद्र शास्त्री वृंदावन पहुंचे थे, जहां उन्होंने बांके बिहारी मंदिर में दर्शन किए और भगवान का आशीर्वाद लिया। इसके बावजूद उनके पुराने बयान को लेकर चर्चा थमी नहीं। स्वामी रामदेव ने भी इसी मुद्दे पर अपनी नाराजगी जाहिर की थी। हालांकि, अब हरिद्वार में दिए गए उनके ताजा बयान से दोनों संतों के बीच रिश्तों को लेकर नई तस्वीर सामने आई है। रामदेव ने जिस तरह धीरेंद्र शास्त्री को परिवार का सदस्य बताते हुए अपनी डांट को स्नेह से जोड़ा, उससे विवाद का माहौल कुछ नरम पड़ता नजर आ रहा है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि धीरेंद्र शास्त्री इस नए बयान पर आगे क्या प्रतिक्रिया देते हैं।
Read more-शराब खरीदने पहुंचे तो पहले होगी शरीर की जांच! ठेके के बाहर डॉक्टरों की टीम देख रही BP-शुगर
