मध्य प्रदेश के सागर जिले में शराब की दुकानों के बाहर इन दिनों एक ऐसा नजारा देखने को मिल रहा है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया है। यहां शराब खरीदने पहुंच रहे लोगों का पहले स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। मेडिकल टीम ब्लड प्रेशर, शुगर और अन्य स्वास्थ्य संबंधी जांच कर रही है। दरअसल, बंडा क्षेत्र में शराब सेवन के बाद हुई मौतों के मामलों ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। इसके बाद कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग, आबकारी विभाग और पुलिस ने मिलकर विशेष अभियान शुरू किया है। इस पहल का वीडियो भी सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
शराब की दुकान के बाहर डॉक्टरों की टीम, लोगों की हो रही जांच
यह स्वास्थ्य शिविर बीना के आगासौद रोड स्थित गांधी चौराहा शराब दुकान के बाहर लगाया गया। यहां शराब खरीदने आने वाले लोगों को जांच की सुविधा दी जा रही है। मेडिकल टीम लोगों का ब्लड प्रेशर और शुगर जांचने के साथ जरूरी स्वास्थ्य जानकारी भी जुटा रही है। कुछ लोगों के ब्लड सैंपल लेकर लिवर और किडनी से जुड़े स्वास्थ्य मानकों की जांच की प्रक्रिया भी अपनाई जा रही है। प्रशासन का कहना है कि बंडा में हुई मौतों के बाद यह कदम उठाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतकों को पहले से बीमार होने की जानकारी सामने आने के बाद नियमित शराब सेवन करने वालों की सेहत पर नजर रखने का फैसला लिया गया।
जिले की कई शराब दुकानों पर पहुंच रही मेडिकल टीम
अधिकारियों के मुताबिक, यह अभियान केवल एक दुकान तक सीमित नहीं है। सागर जिले की अलग-अलग शराब दुकानों पर स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं। बीना की दुकानों के अलावा चीमा ढाना, बस स्टैंड और झिरना पुल क्षेत्र में भी मेडिकल टीम पहुंची। डॉक्टरों ने लोगों को शराब के सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में बताया और अवैध या संदिग्ध शराब से दूर रहने की सलाह दी। स्वास्थ्य विभाग और आबकारी विभाग की संयुक्त टीमें इस अभियान में शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि लोगों को समय रहते अपनी सेहत के प्रति जागरूक करना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है।
कांग्रेस ने कसा तंज, सरकार की प्राथमिकताओं पर उठाए सवाल
शराब दुकानों के बाहर मेडिकल कैंप लगाने की पहल पर कांग्रेस नेता कुणाल चौधरी ने मोहन यादव सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने तंज कसते हुए इसे शराब के साथ मुफ्त इलाज जैसी व्यवस्था बताया। उनका सवाल है कि जब सरकारी अस्पतालों में मरीज इलाज के लिए परेशान होते हैं, तब शराब की दुकानों के बाहर डॉक्टरों की टीम तैनात करना सरकार की कैसी प्राथमिकता है? कांग्रेस ने जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद अवैध शराब के कारोबार पर सख्ती करने की जरूरत भी उठाई है। अब यह अभियान स्वास्थ्य जागरूकता के लिहाज से कितना असरदार साबित होगा और क्या इससे शराब से होने वाली बीमारियों को रोकने में मदद मिलेगी, इस पर सबकी नजर है।
