उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक बेटी ने अपने प्रेम संबंध का विरोध करने वाली मां को रास्ते से हटाने के लिए प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रच डाली। आरोप है कि प्रेमी ने घर में अकेली मिली महिला के सिर पर ईंट से कई वार कर उसकी जान ले ली। हैरानी की बात यह है कि हत्या करने के बाद आरोपी ने कपड़े बदले और बेफिक्र होकर भरवारी मेले में घूमने चला गया। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए बेटी और उसके प्रेमी दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में इस पूरे हत्याकांड का खुलासा हुआ।
घर में अकेली थी मां, तभी प्रेमी ने ईंट से कर दिया हमला
मामला कोखराज थाना क्षेत्र के रसूलपुर गिरसा गांव का है। यहां राजमती नाम की महिला की घर के अंदर हत्या कर दी गई थी। उसका सिर किसी भारी वस्तु से बुरी तरह कुचला गया था। घटना की सूचना मिलते ही एसपी सत्यनारायण पुलिस टीम, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच के बाद हत्या का मुकदमा दर्ज कर तीन पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में लगाई गईं। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, CCTV फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के जरिए जांच आगे बढ़ाई।
मां को पसंद नहीं था बेटी का रिश्ता, प्रेमी के साथ मिलकर बनाई साजिश
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि राजमती की छोटी बेटी शैलजा का दिलीप कुमार सरोज से प्रेम संबंध था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन राजमती इस रिश्ते के खिलाफ थी। इसकी वजह यह थी कि दिलीप उसकी बड़ी बेटी का देवर था। पुलिस के मुताबिक, मां के विरोध से नाराज शैलजा ने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। घर के अन्य सदस्यों के मेला देखने जाने की जानकारी शैलजा ने दिलीप को दी थी। इसके बाद दिलीप गांव पहुंचा और घर में अकेली राजमती के सिर पर ईंट के टुकड़े से कई वार कर दिए।
हत्या के बाद कपड़े बदले और मेले में घूमने चला गया आरोपी
इस हत्याकांड का सबसे चौंकाने वाला पहलू वारदात के बाद आरोपी की गतिविधियां रहीं। पुलिस के अनुसार, हत्या करने के बाद दिलीप ने खून से सने कपड़े और जूते धोए। उसने इस्तेमाल की गई ईंट तालाब के किनारे फेंक दी और फिर कपड़े बदलकर भरवारी मेले में पहुंच गया। वह रातभर मेले में घूमता रहा, ताकि किसी को उस पर शक न हो। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल ईंट का टुकड़ा, खून लगे कपड़े, जूते और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
कॉल डिटेल से खुला राज, बेटी और प्रेमी दोनों गिरफ्तार
एएसपी के मुताबिक, पुलिस ने परिवार के सदस्यों की कॉल डिटेल खंगाली तो छोटी बेटी शैलजा पर शक गहराया। सख्ती से पूछताछ करने पर पूरे मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने दिलीप को तिलैया टिकुर पुल के पास से और शैलजा को उसके घर से गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 61(1) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस घटना ने मां-बेटी के रिश्ते को लेकर पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
Read More-घर में घुसे तीन युवक, अकेली महिला को बनाया हवस का शिकार, 3 दिन बाद खुला खौफनाक राज
