उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर पिकनिक से लौट रहे स्कूली बच्चों की बस को आलू से लदे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि करीब 35 छात्र घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूल बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर बच्चों की चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और यूपीडा की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया।
टॉयलेट के लिए एक्सप्रेसवे पर रुकी थी बस, तभी ट्रक ने मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, कौशांबी जिले के ओरिएंट पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राएं वृंदावन और मथुरा के शैक्षणिक भ्रमण और पिकनिक के बाद बस से वापस लौट रहे थे। बस में करीब 50 बच्चे और छह शिक्षक सवार थे। मंगलवार सुबह कन्नौज के ठठिया थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 209.9 पर बस टॉयलेट के लिए रुकी थी। इसी दौरान आगरा की तरफ से आ रहे आलू से लदे ट्रक ने खड़ी बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के कारण बस को भारी नुकसान पहुंचा और कई बच्चे घायल हो गए। अचानक हुए इस हादसे से घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
चार बच्चों की मौत, 35 घायल; मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज
हादसे में चार बच्चों की जान चली गई, जबकि करीब 35 छात्र घायल बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही कई एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। पुलिस और यूपीडा की टीम ने स्थानीय स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए राजकीय मेडिकल कॉलेज, तिर्वा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है। हादसे की खबर मिलते ही बच्चों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। अपने बच्चों की सलामती की खबर जानने के लिए परिजन अस्पताल पहुंचने लगे। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल पैदा कर दिया है।
डीएम और एसपी पहुंचे अस्पताल, घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश
हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार भी राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे। अधिकारियों ने घायल बच्चों से जुड़ी जानकारी ली और डॉक्टरों को सभी घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बस सड़क किनारे रुकी हुई थी, तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मारी। हादसा किस वजह से हुआ और ट्रक चालक की क्या भूमिका रही, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल प्रशासन का पूरा ध्यान घायल बच्चों को जल्द से जल्द बेहतर उपचार उपलब्ध कराने पर है।
