बिहार विधानसभा में शुक्रवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बहुत आसानी से अपना विश्वासमत हासिल कर लिया। यह प्रक्रिया ध्वनिमत से पूरी हुई, यानी वोटिंग की जरूरत ही नहीं पड़ी। सबसे खास बात यह रही कि विपक्ष ने वोटिंग की मांग नहीं की और शांत नजर आया। इस दौरान सत्ता पक्ष के विधायक नारे लगाते दिखे और माहौल काफी गर्म रहा। सरकार बनने के करीब 10 दिन बाद यह पहला बड़ा टेस्ट था, जिसे मुख्यमंत्री ने बिना किसी मुश्किल के पास कर लिया।
विकास के बड़े वादे और घोषणाएं
विश्वासमत जीतने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी दी। सम्राट चौधरी ने कहा कि सोनपुर के बाबा हरिहरनाथ मंदिर में 680 करोड़ रुपये की लागत से कॉरिडोर बनाया जाएगा, जिससे वहां आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। इसके अलावा सड़क हादसों में अब लोगों को ज्यादा मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि हादसे में मरने वालों के परिवार को इंश्योरेंस से 4 लाख रुपये और सरकार की तरफ से भी 4 लाख रुपये मिलेंगे।
स्कूल और अस्पताल पर खास ध्यान
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने माना कि अभी कई क्षेत्रों में सुधार की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हर ब्लॉक में अच्छे स्कूल बनाए जाएंगे और जिला स्तर के स्कूलों को भी बेहतर किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि कोशिश होगी कि अधिकारी और मंत्री अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में पढ़ाएं, ताकि स्कूलों की स्थिति सुधरे। स्वास्थ्य के मामले में उन्होंने कहा कि हर जिले में ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए कि लोगों को इलाज के लिए बाहर न जाना पड़े और उन्हें अपने ही जिले में इलाज मिल सके।
एयरपोर्ट और कॉलेज की नई योजना
सरकार राज्य में विकास के लिए नए एयरपोर्ट बनाने पर भी काम कर रही है। पूर्णिया एयरपोर्ट चालू हो चुका है और किशनगंज, फारबिसगंज और सहरसा में भी एयरपोर्ट बनाने की योजना है। बीरपुर एयरपोर्ट के लिए टेंडर जारी किया गया है और दरभंगा एयरपोर्ट पहले से चल रहा है। इसके साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में 208 डिग्री कॉलेज बनाए जा चुके हैं, जिन्हें जल्द शुरू किया जाएगा। सरकार की योजना है कि हर प्रखंड में एक कॉलेज खोला जाए, ताकि छात्रों को पास में ही पढ़ाई का मौका मिले।
Read More-ओवैसी ने दिया सनसनीखेज बयान, कहा ‘अगर भारत को विश्व गुरु बनाना है तो मुसलमान को…’
