दिल्ली के जंतर-मंतर पर शुक्रवार को SIR और चुनाव आयोग को लेकर विरोध प्रदर्शन हुआ। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और अन्य लोग पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग को लेकरनारे लगाए गए। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को धरना स्थल तक पहुंचने से पहले ही रोक दिया।
बैरिकेडिंग के आगे ही रोक दिए गए लोग
प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर से करीब 150 मीटर पहले बैरिकेड लगाकर रोका गया। इसके बाद पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर मौके से हटाया। रिपोर्ट के मुताबिक, योगेंद्र यादव समेत 40 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को डिटेन किया गया। इस दौरान प्रशांत भूषण, अंजलि भारद्वाज और AISA से जुड़े कई कार्यकर्ता भी मौके पर मौजूद थे। पुलिस कार्रवाई के बाद प्रदर्शन स्थल की सड़क को खाली कराया गया।
SIR को लेकर लगातार उठ रहे सवाल
AISA का यह प्रदर्शन चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची में चल रहे Special Intensive Revision यानी SIR को लेकर उठाए जा रहे सवालों के बीच हुआ। संगठन का आरोप है कि चुनावी प्रक्रिया में गंभीर गड़बड़ियों की आशंका है और इसी मुद्दे पर ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है। SIR को लेकर विपक्षी दलों और विभिन्न संगठनों की ओर से भी लगातार विरोध दर्ज कराया जा रहा है।
प्रदर्शन में कई प्रमुख चेहरे भी पहुंचे
प्रदर्शन में AISA से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं के अलावा योगेंद्र यादव, आरजेडी सांसद मनोज झा, सीपीआई(एमएल) लिबरेशन के दीपांकर भट्टाचार्य, वकील प्रशांत भूषण, अंजलि भारद्वाज और नंदिता नारायण समेत कई लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों की मांगों और पुलिस की कार्रवाई को लेकर अब राजनीतिक बहस भी तेज हो गई है।
Read More-इंस्टाग्राम पर आखिरी पोस्ट के बाद नाबालिग प्रेमी-प्रेमिका की मौत, सुबह खेत में मिला दोनों का शव
