Pralhad Joshi: केंद्र सरकार में बड़ा प्रशासनिक बदलाव हुआ है। धर्मेंद्र प्रधान के शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद अब इस मंत्रालय की जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी (Pralhad Joshi) को सौंपी गई है। उन्हें शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इस फैसले के बाद प्रह्लाद जोशी (Pralhad Joshi) की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि वे इस जिम्मेदारी को सम्मान और विनम्रता के साथ स्वीकार करते हैं। जोशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा कि सरकार ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसे वे पूरी निष्ठा से निभाएंगे। यह बदलाव ऐसे समय में हुआ है जब देश में परीक्षा व्यवस्था, पेपर लीक और छात्रों की सुरक्षा को लेकर बहस तेज है।
जोशी ने पीएम मोदी के नेतृत्व और शिक्षा सुधारों की तारीफ की
अपने बयान में प्रह्लाद जोशी (Pralhad Joshi) ने कहा कि बीते वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने कई बड़े फैसले और बदलाव देखे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू करने से लेकर कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। जोशी के अनुसार, इन सुधारों से शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिली है और आगे भी इसी गति को बनाए रखने की जरूरत है। उन्होंने धर्मेंद्र प्रधान के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षा से जुड़े कई अहम सुधारों को जमीन पर उतारने का काम किया। जोशी ने संकेत दिया कि अब उनकी प्राथमिकता यह होगी कि शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी को संभालते हुए छात्र हित में ठोस और व्यावहारिक फैसले लिए जाएं।
छात्रों की चिंता और पेपर लीक विवाद के बीच आई नई नियुक्ति
शिक्षा मंत्रालय में यह बदलाव ऐसे समय में हुआ है जब परीक्षा प्रणाली को लेकर छात्रों का गुस्सा और चिंता दोनों सामने आ चुके हैं। NEET पेपर लीक मामले को लेकर लंबे समय तक देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हुए थे। छात्र लगातार यह मांग कर रहे थे कि परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो। इसी बीच धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद शिक्षा मंत्रालय की कमान प्रह्लाद जोशी (Pralhad Joshi) को सौंपा जाना अहम माना जा रहा है। राजनीतिक हलकों में इसे सरकार की ओर से छात्रों को शांत करने करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। अब सभी की नजर इस पर है कि नए प्रभार के बाद मंत्रालय किन फैसलों पर आगे बढ़ता है।
अब शिक्षा व्यवस्था पर रहेगी नजर
प्रह्लाद जोशी (Pralhad Joshi) के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती यही होगी कि वे शिक्षा व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों का ठोस जवाब कैसे देते हैं। छात्रों, अभिभावकों और शिक्षाविदों की उम्मीद है कि पेपर लीक रोकने, परीक्षा प्रणाली को मजबूत करने और शिक्षा में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए तेजी से कदम उठाए जाएंगे। जोशी पहले से ही केंद्र सरकार के दूसरे अहम मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, ऐसे में शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार उनके लिए एक और बड़ी प्रशासनिक परीक्षा माना जा रहा है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि वे इस जिम्मेदारी को किस तरह आगे बढ़ाते हैं और क्या उनके नेतृत्व में छात्रों का भरोसा फिर से मजबूत हो पाता है या नहीं। फिलहाल सरकार ने मंत्रालय में बदलाव कर एक नया संकेत दिया है, और अब उस संकेत को ठोस काम में बदलने की जिम्मेदारी नए मंत्री के कंधों पर है।
Read More-धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद क्या बोले गृह मंत्री अमित शाह? कहा- ‘हमारे लिए पद से…’
