बंगाल की खाड़ी में ओडिशा के पारादीप तट से दूर एक बड़ा समुद्री हादसा हुआ है। पनामा के झंडे वाला कार्गो जहाज MV Ocean Winner समुद्र में डूब गया। जहाज पारादीप पोर्ट से लौह अयस्क लेकर सिंगापुर की ओर जा रहा था। शनिवार देर रात जहाज से संपर्क टूटने की सूचना मैरीटाइम रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर (MRCC) को मिली। इसके बाद तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि हादसा तट से 200 से ज्यादा समुद्री मील दूर हुआ। जहाज की आखिरी लोकेशन ईस्ट आइलैंड लाइट से करीब 310 समुद्री मील दूर बताई गई है।
जहाज में 24 लोग थे, दो को लाइफराफ्ट से बचाया गया
MV Ocean Winner पर कुल 24 क्रू सदस्य सवार थे। इनमें 20 चीनी नागरिक, तीन म्यांमार के नागरिक और एक बांग्लादेशी नागरिक शामिल था। जहाज से संपर्क टूटने के बाद संबंधित कंपनी Victory Star Group Co Ltd ने मदद के लिए अनुरोध किया। इसके बाद MRCC ने इंटरनेशनल सेफ्टी नेटवर्क को सक्रिय किया और MT AISOPOS नाम के एक अन्य जहाज को घटनास्थल की ओर भेजा गया। रेस्क्यू टीम को दो अलग-अलग लाइफराफ्ट मिले, जिनसे दो क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, दोनों बचाए गए लोगों की पहचान की जानकारी तत्काल सामने नहीं आई है। बाकी लोगों की तलाश के लिए भारतीय तटरक्षक बल और नौसेना की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। कोस्ट गार्ड ने ICGS Varad और ICGS Anmol को ऑपरेशन में लगाया है, जबकि ICGS Vijit को भी श्री विजय पुरम से रवाना किया गया है।
225 मीटर लंबा था जहाज, सिंगापुर जा रहा था
समुद्री जहाजों पर नजर रखने वाली सेवा MarineTraffic के मुताबिक MV Ocean Winner एक बल्क कैरियर था, जो पनामा के झंडे के तहत संचालित हो रहा था। जहाज की लंबाई करीब 225 मीटर और चौड़ाई 32.26 मीटर थी। यह जहाज पारादीप बंदरगाह से लौह अयस्क लेकर निकला था और इसकी मंजिल सिंगापुर बताई जा रही है। फिलहाल जहाज के डूबने की सटीक वजह सामने नहीं आई है। भारतीय एजेंसियां समुद्र में बचे हुए क्रू सदस्यों का पता लगाने के लिए अलग-अलग संसाधनों की मदद ले रही हैं। खराब समुद्री परिस्थितियों के बीच चल रहे इस अभियान पर लगातार नजर रखी जा रही है।
Read More-यूपी-बिहार के लोग सबसे ज्यादा ले रहे Loan? CIBIL रिपोर्ट में सामने आया बड़ा खुलासा
