Bigg Boss 2026: रियलिटी शो बिग बॉस का नया सीजन इस बार पहले से कहीं ज्यादा बड़ा और खास होने जा रहा है। हर साल दर्शकों का मनोरंजन करने वाला यह शो अब एक नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ रहा है। इस बार मेकर्स ने एक साथ 6 अलग-अलग भाषाओं में बिग बॉस लॉन्च करने की तैयारी की है। शो का प्रसारण हिंदी, तमिल, तेलुगू, कन्नड़, मलयालम और बंगाली भाषा में किया जाएगा। सभी एडिशन सितंबर 2026 से टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर एक साथ शुरू होंगे। पहली बार इतने बड़े स्तर पर बिग बॉस के कई संस्करण एक साथ दर्शकों के सामने आएंगे, जिससे फैंस की उत्सुकता काफी बढ़ गई है।
सलमान खान से लेकर मोहनलाल तक संभालेंगे शो की कमान
इस बार हर भाषा के लिए अलग-अलग बड़े सितारों को होस्ट बनाया गया है। हिंदी Bigg Boss की जिम्मेदारी एक बार फिर सलमान खान संभालेंगे। वहीं मलयालम संस्करण को सुपरस्टार मोहनलाल, तेलुगू को नागार्जुन, तमिल को विजय सेतुपति, कन्नड़ को किच्चा सुदीप और बंगाली एडिशन को पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली होस्ट करेंगे। खास बात यह है कि सौरव गांगुली पहली बार बिग बॉस फ्रेंचाइज़ी से जुड़ रहे हैं। अलग-अलग भाषाओं के लोकप्रिय चेहरों को साथ लाकर मेकर्स ज्यादा से ज्यादा दर्शकों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।
पिछले सीजन की सफलता के बाद और बड़ा हुआ प्लान
Bigg Boss की लोकप्रियता हर साल बढ़ती जा रही है। जियो हॉटस्टार के अनुसार, साल 2025 में इस शो को करीब 500 मिलियन व्यूज मिले थे। वहीं दर्शकों ने 438 बिलियन से ज्यादा व्यूइंग मिनट्स दर्ज किए। छह भाषाओं में प्रसारित होने वाले संस्करणों में पिछले साल के मुकाबले लगभग 47 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखने को मिली। इसके अलावा दर्शकों ने शो में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और करोड़ों वोट भी किए। हिंदी और दक्षिण भारतीय भाषाओं में बिग बॉस को शानदार प्रतिक्रिया मिलने के बाद मेकर्स ने इस बार इसे और बड़े स्तर पर पेश करने का फैसला किया है।
मनोरंजन के साथ ब्रांड्स के लिए भी बड़ा मंच बनेगा शो
जियोस्टार के अधिकारियों का कहना है कि Bigg Boss सिर्फ एक रियलिटी शो नहीं, बल्कि देश के सबसे बड़े मनोरंजन प्लेटफॉर्म में से एक बन चुका है। उनका मानना है कि त्योहारों के मौसम में जब दर्शकों के पास कई विकल्प होते हैं, तब भी बिग बॉस लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचने में सफल रहता है। यही वजह है कि इस बार छह भाषाओं के एडिशन एक साथ लॉन्च किए जा रहे हैं। इससे दर्शकों को अपनी पसंदीदा भाषा में शो देखने का मौका मिलेगा, वहीं ब्रांड्स और विज्ञापनदाताओं के लिए भी यह बड़ा मंच साबित हो सकता है। अब सभी की नजर सितंबर 2026 पर है, जब बिग बॉस का अब तक का सबसे बड़ा सीजन शुरू होगा।
