यूपी में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के एक बयान ने यह चर्चा और तेज कर दी है कि क्या आगामी चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ही बीजेपी का चेहरा होंगे। गाजियाबाद में पत्रकारों से बातचीत के दौरान पंकज चौधरी ने कहा कि चुनाव किसके नेतृत्व में लड़ा जाएगा, इसका अंतिम निर्णय बीजेपी का पार्लियामेंट्री बोर्ड करेगा। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि NDA पूरी तरह एकजुट है और आगामी चुनाव में मजबूती के साथ मैदान में उतरेगा।
योगी के नेतृत्व पर क्या बोले पंकज चौधरी
जब पंकज चौधरी से पूछा गया कि क्या 2027 का विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लड़ा जाएगा, तो उन्होंने सीधे तौर पर कोई नाम घोषित नहीं किया। उन्होंने कहा कि यह फैसला बीजेपी का पार्लियामेंट्री बोर्ड करेगा। उनके इस बयान से राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि उन्होंने योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व पर कोई सवाल नहीं उठाया, बल्कि कहा कि NDA एकजुट होकर चुनाव लड़ेगा और पार्टी को विश्वास है कि वह 2017 से भी अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाएगी।
PDA अभियान और कांवड़ यात्रा पर प्रतिक्रिया
विपक्ष के PDA अभियान पर प्रतिक्रिया देते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि उन्हें इस अभियान की विशेष जानकारी नहीं है। उन्होंने दावा किया कि NDA पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ 2027 का चुनाव लड़ेगा। कांवड़ यात्रा को लेकर उठे विवाद पर उन्होंने कहा कि कांवड़िये श्रद्धा और भक्ति के साथ यात्रा करते हैं और इसे किसी अन्य धार्मिक गतिविधि से जोड़ना उचित नहीं है। उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब कांवड़ यात्रा को लेकर कई राजनीतिक बयान सामने आ चुके हैं।
राम मंदिर ट्रस्ट और चंदा गड़बड़ी पर सरकार का रुख
राम जन्मभूमि ट्रस्ट में कथित चंदा गड़बड़ी के सवाल पर पंकज चौधरी ने कहा कि भगवान राम देश के करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण संभव हो पाया है। चौधरी ने आरोप लगाया कि आज वही लोग इस मुद्दे को उठा रहे हैं जिन्होंने पहले राम मंदिर और भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस मामले में सख्त कदम उठाए हैं और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही ट्रस्ट भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए नई व्यवस्था तैयार कर रहा है।
NEET पेपर लीक और धर्मेंद्र प्रधान पर बयान
NEET पेपर लीक मामले पर पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस विषय को बेहद गंभीरता से लेते हैं। उन्होंने बताया कि मामला सामने आते ही सरकार ने तत्काल कार्रवाई की और कई आरोपियों को जेल भेजा गया। चौधरी ने कहा कि सरकार का स्पष्ट संदेश है कि देश के बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर उन्होंने कहा कि पेपर लीक की समस्या नई नहीं है और सरकार विशेषज्ञों, शिक्षाविदों तथा अभिभावकों से चर्चा कर भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस व्यवस्था बना रही है।
Read more-दिल्ली की सड़कों पर अचानक क्या हुआ ऐसा? जब राहुल गांधी गुस्से में सड़क पर ही लेट गए…
