UP Youth News: उत्तर प्रदेश के युवाओं और छात्रों के लिए CM योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कई अहम घोषणाएं कीं। लखनऊ में उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (UPCOS) के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान सीएम ने रोजगार, डिजिटल शिक्षा, स्टार्टअप और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। सरकार का फोकस युवाओं को नौकरी के साथ-साथ उद्यमिता और रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने पर है। आइए जानते हैं मुख्यमंत्री के 7 बड़े ऐलान क्या हैं।
6 महीने में 1 लाख सरकारी नौकरियां और 25 लाख टैबलेट
CM ने बताया कि अगले छह महीनों में करीब 1 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने नियुक्तियों में पारदर्शिता बनाए रखने पर भी जोर दिया। इसके अलावा विद्यार्थियों और युवाओं को डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने के लिए 25 लाख टैबलेट उपलब्ध कराने की योजना को आगे बढ़ाया गया है। यह योजना स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत संचालित की जा रही है। सरकार का दावा है कि डिजिटल संसाधनों से छात्रों को पढ़ाई और रोजगार की तैयारी में मदद मिलेगी।
हर जिले में यूथ इनक्यूबेशन सेंटर, कॉलेजों में प्रतियोगी परीक्षा की कोचिंग
CM योगी आदित्यनाथ ने युवाओं के आइडिया और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए हर जिले में यूथ इनक्यूबेशन सेंटर बनाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही राज्य युवा आयोग के गठन की दिशा में भी कदम उठाया गया है। छात्रों के लिए प्रत्येक कॉलेज में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। छात्रवृत्ति और रोजगार से जुड़ी सुविधाओं को एक ही प्लेटफॉर्म पर लाने की योजना भी बताई गई है, जिससे युवाओं को अलग-अलग सेवाओं के लिए भटकना न पड़े।
स्टार्टअप को करोड़ों की मदद, युवा स्वरोजगार के लिए ₹225 करोड़
CM ने बताया कि यूपी स्टार्टअप नीति-2026 के तहत 27 अगस्त को 107 स्टार्टअप्स को 3.42 करोड़ रुपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि दी गई। इसके अलावा 9 इनक्यूबेटर्स को करीब 1.79 करोड़ रुपये की मदद दी गई है। इसी दौरान UP Startup Mission Portal भी लॉन्च किया गया। युवाओं को अपना काम शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में 225 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। सरकार का लक्ष्य युवाओं को नौकरी तलाशने वाले के साथ नौकरी देने वाला बनाने का है।
हर साल 1 लाख युवाओं को उद्यमी बनाने का लक्ष्य
CM CM ने सातवें बड़े ऐलान में युवा उद्यमिता को लेकर सरकार का लक्ष्य सामने रखा। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत अगले 10 वर्षों में 10 लाख उद्यमी तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। यानी हर साल करीब एक लाख युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने की योजना है। वहीं UPCOS पोर्टल के शुभारंभ के दौरान सीएम ने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारियों के हितों और सुरक्षा पर भी ध्यान दिया जा रहा है। करीब 5 लाख कर्मचारियों के मानदेय में बढ़ोतरी के साथ दुर्घटना सुरक्षा बीमा और हेल्थ बीमा जैसी सुविधाओं की घोषणा की गई है।
Read More-अनंत सिंह की आंखों से क्यों निकले आंसू? चार युवकों की मौत के बाद सामने आया भावुक VIDEO
