उत्तर प्रदेश की योगी सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए बड़ा फैसला लेने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इनके मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा कर सकते हैं। प्रस्तावित फैसले के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में 4 हजार रुपये, जबकि सहायिकाओं के मानदेय में 2 हजार रुपये की बढ़ोतरी होगी। सरकार के इस कदम से प्रदेश में काम कर रहीं हजारों महिलाओं को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
71 हजार से ज्यादा लोगों को मिली नियुक्ति
महिला एवं बाल कल्याण मंत्री बेबी रानी मौर्य के अनुसार, प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की बड़े स्तर पर नियुक्तियां की गई हैं। कुल 71,310 पदों पर भर्ती हुई है। इनमें 21,804 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और 49,506 सहायिकाएं शामिल हैं। अयोध्या में होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र भी सौंपेंगे। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मानदेय बढ़ने की घोषणा के बाद इन कर्मचारियों की मासिक आय में भी इजाफा होगा।
CM योगी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी टेक्सटाइल कॉन्क्लेव-2026 में प्रदेश में 2017 के बाद हुए बदलावों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों में डर का माहौल था और कई इलाकों में माफिया का प्रभाव था। सीएम के मुताबिक, उस समय जमीन कब्जे और अपराध जैसी समस्याएं बड़ी चुनौती थीं। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। आज प्रदेश में कानून का राज है और महिलाओं की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
टेक्सटाइल सेक्टर में यूपी की बढ़ती भूमिका
मुख्यमंत्री ने टेक्सटाइल उद्योग को लेकर भी प्रदेश की क्षमता बताई। उन्होंने कहा कि यूपी में बड़ी संख्या में युवा कामगार हैं और यही राज्य की ताकत है। प्रदेश में करीब 2 लाख हैंडलूम वीवर और 5 लाख से अधिक पावरलूम वीवर काम कर रहे हैं। सीएम ने बताया कि फैब्रिक मैन्युफैक्चरिंग के मामले में उत्तर प्रदेश देश में तीसरे स्थान पर है। देश के कुल फैब्रिक उत्पादन में यूपी की हिस्सेदारी करीब 13 से 14 फीसदी बताई गई। ऐसे में सरकार एक ओर महिला कर्मचारियों के मानदेय में बढ़ोतरी की तैयारी कर रही है, वहीं दूसरी ओर रोजगार और उद्योग को बढ़ावा देने पर भी जोर दे रही है।
Read More-‘नाराज फूफा जी चिल्लाएंगे…’ PM Modi के इस तंज पर मची चर्चा, जानें किस पर साधा निशाना
