Lucknow News: लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब भावाखेड़ा गांव के पास हाईवे किनारे माइनर में लकड़ी के बक्से के अंदर एक युवक का खून से लथपथ शव मिला। ग्रामीणों ने माइनर में बक्सा पड़ा देखा तो उन्हें शक हुआ। पास जाकर देखने पर अंदर शव मिलने के बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही मोहनलालगंज प्रभारी निरीक्षक रामबाबू पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बक्सा खुलवाकर शव बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कहीं और करने के बाद शव को बक्से में बंद किया गया और देर रात यहां लाकर फेंक दिया गया।
दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा शव
पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 32 से 34 वर्ष के बीच है। शव लगभग दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर रही है और मृतक के हुलिए के आधार पर पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। इसके अलावा हाईवे और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज के जरिये बक्सा यहां लाने वाले लोगों या संदिग्ध वाहन के बारे में जानकारी मिल सकती है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
सीमा विवाद के बाद लेखपाल ने कराई नपाई
शव मिलने के बाद मोहनलालगंज और निगोहां थाने की पुलिस के बीच घटनास्थल की सीमा को लेकर कुछ देर असमंजस की स्थिति बनी रही। मोहनलालगंज पुलिस इसे निगोहां थाना क्षेत्र का मामला बता रही थी, जबकि निगोहां पुलिस का कहना था कि जगह मोहनलालगंज क्षेत्र में आती है। दोनों थानों की पुलिस के बीच स्थिति स्पष्ट नहीं होने पर मौके पर लेखपाल को बुलाया गया। लेखपाल ने नपाई कर दोनों थानों की सीमा निर्धारित की। इसके बाद मामला स्पष्ट हुआ और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई। अब पुलिस मृतक की पहचान, हत्या की वजह और शव को यहां लाकर फेंकने वालों का पता लगाने में जुटी है।
Read More-बोनट पर घसीटा, फिर मारी टक्कर… लखनऊ में अनामिका केस का आरोपी शाहनवाज पकड़ा गया, जानें पूरा मामला
