लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में बुधवार सुबह हुए हिट एंड रन मामले में पुलिस ने आरोपी शाहनवाज को हिरासत में ले लिया है। घटना जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नंबर चार के पास हुई, जहां किसी विवाद के बाद आरोपी ने अनामिका नाम की युवती को कार से टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती को कुछ दूर तक कार के बोनट पर घसीटा गया। इसके बाद कार रोककर उसे दोबारा टक्कर मारी गई और आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने युवती को मेडिकल जांच के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू की। फिलहाल आरोपी से जनेश्वर मिश्र चौकी पर पूछताछ की जा रही है।
दोनों एक-दूसरे को जानते थे, विवाद के बाद बढ़ा मामला
लखनऊ ईस्ट की डीसीपी दीक्षा शर्मा ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी और पीड़िता एक-दूसरे के परिचित थे। किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। विवाद के दौरान आरोपी के साथ कार में कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान युवती को कार से टक्कर मारकर आरोपी और उसके साथी वहां से चले गए। डीसीपी ने बताया कि पीड़िता की मेडिकल जांच कराई गई है और उसकी तहरीर के आधार पर हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब घटना के समय कार में मौजूद अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पहचान छिपाने और दूसरी महिला से मिलने को लेकर विवाद का दावा
मामले में अब पहचान छिपाकर दोस्ती करने का आरोप भी लगाया जा रहा है। पीड़िता की ओर से किए गए दावे के अनुसार, शाहनवाज ने कथित तौर पर अपना नाम यश ठाकुर बताकर करीब एक साल तक उससे दोस्ती बनाए रखी। आरोप है कि 16 सितंबर की सुबह अनामिका ने उसे किसी दूसरी महिला के साथ देखा, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। हालांकि, पहचान छिपाने और इस कथित रिश्ते से जुड़े आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और कार की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई और अन्य आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
