Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां हजरतगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक 11 साल की मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि इलाके के ही एक ऑटो चालक ने बच्ची की लाचारी और घर पर अकेलेपन का फायदा उठाकर उसके साथ कई बार गंदा काम किया। इस घटना के सामने आने के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
जान से मारने की धमकी देकर डराता रहा दरिंदा
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, आरोपी पीड़ित बच्ची के घर के पास ही रहता था और परिवार से उसका परिचय भी था। इसी जान-पहचान और मेल-जोल का फायदा उठाकर वह अक्सर बच्ची के घर आ धमकता था। जब बच्ची के पिता काम के सिलसिले में बाहर जाते थे, तो आरोपी सूने घर का फायदा उठाकर अंदर घुस जाता था और मासूम को अपनी हवस का शिकार बनाता था। इतना ही नहीं, आरोपी ने बच्ची के मुंह पर ताला लगाने के लिए उसके पिता को जान से मारने की धमकी दे रखी थी। इसी खौफ के साए में जी रही मासूम काफी दिनों तक घुटती रही और डर के मारे किसी को कुछ बता नहीं सकी।
मासूम की हिम्मत से खुला राज, पुलिस ने डालीबाग से दबोचा
आखिरकार बच्ची ने अपनी खामोशी तोड़ी और रोते हुए अपने पिता को पूरी आपबीती सुनाई। अपनी जिगर के टुकड़े पर बीती इस भयानक प्रताड़ना को सुनकर पिता के पैरों तले जमीन खिसक गई। बिना देर किए उन्होंने बीते 5 अगस्त को 112 कंट्रोल रूम पर फोन कर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही हजरतगंज पुलिस हरकत में आई और तुरंत मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी। हजरतगंज इंस्पेक्टर विक्रम सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने कई जगहों पर दबिश दी और आखिरकार आरोपी मोनू कश्यप को डालीबाग स्थित एकता वन के पास से धर दबोचा।
नशे का आदी था आरोपी, पुलिस कर रही सख्त कानूनी कार्रवाई
पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि गिरफ्तार ऑटो चालक मोनू कश्यप नशे का आदी था और अपनी इसी बुरीतत आदत के चलते उसने इस घृणित अपराध को अंजाम दिया। पुलिस अब आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े हर एक पहलू को खंगाल रही है। पीड़िता की मेडिकल जांच कराने के साथ ही उसकी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पॉक्सो एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है ताकि उसे जल्द से जल्द सजा दिलाई जा सके।
Read More-नमाज पढ़ने पहुंचा था लश्कर कमांडर, अचानक जमीन पर गिरा, कैसै हो गई मौत
