भोजपुरी सिनेमा के सितारों से सजे रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ का शनिवार का एपिसोड काफी मजेदार और चौंकाने वाला रहा। शो में कृष्णा अभिषेक और मनीषा रानी ने कलाकारों के साथ खूब मस्ती की। इस दौरान दिनेश लाल यादव निरहुआ ने फैन से जुड़ा ऐसा किस्सा सुनाया, जिसे सुनकर वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़े। वहीं रानी चटर्जी ने शूटिंग के दौरान हुए एक पुराने अनुभव का जिक्र किया, जब उनके और रवि किशन पर पत्थर फेंके गए थे।
फैन ने निरहुआ का हाथ ही काट लिया
शो में जब कृष्णा अभिषेक ने कलाकारों से फैंस के साथ होने वाले अनुभवों के बारे में पूछा तो निरहुआ ने एक मजेदार किस्सा बताया। उन्होंने कहा कि एक बार एक फैन उनसे मिला और हाथ मिलाने के बाद इतना उत्साहित हो गया कि उसने उनका हाथ काटना शुरू कर दिया। निरहुआ ने मजाकिया अंदाज में कहा कि शायद फैन ने सोचा होगा कि थोड़ा निरहुआ को ही अपने पास रख लेते हैं। उनका यह किस्सा सुनकर शो में मौजूद कलाकार हंसने लगे। नीलम गिरी ने भी फैन से जुड़ा एक मजेदार अनुभव साझा किया।
रानी चटर्जी ने बताया- शूटिंग के दौरान बरसे थे पत्थर
रानी चटर्जी ने शो में अपने करियर से जुड़ा एक गंभीर अनुभव भी बताया। उन्होंने कहा कि बिहार में उनकी फिल्मों की शूटिंग को लेकर कई बार मुश्किलें आईं। रानी ने रवि किशन के साथ एक फिल्म की शूटिंग के दौरान का किस्सा सुनाते हुए बताया कि उस समय कलाकारों से मुलाकात नहीं हुई थी, लेकिन रात में लोगों की भीड़ ने पत्थर फेंकने शुरू कर दिए थे। इसके अलावा शो में रानी ने ट्रोलिंग पर भी खुलकर जवाब दिया। वजन को लेकर किए जाने वाले कमेंट्स पर उन्होंने कहा कि वह अपनी सेहत और अपनी पसंद के हिसाब से फैसले लेंगी।
आम्रपाली और पाखी ने भी ट्रोल्स को दिया जवाब
शो में आम्रपाली दुबे को भी उनके वजन और इंडस्ट्री में जोड़ी को लेकर सवालों के जरिए रोस्ट किया गया। आम्रपाली ने मजाकिया अंदाज में जवाब देते हुए कहा कि वह जरूरत पड़ने पर किसी का जबड़ा तोड़ सकती हैं। जोड़ी कल्चर पर उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री में जोड़ियां जरूर बनती हैं, लेकिन इसी इंडस्ट्री ने उनके काम को पहचान भी दी है। वहीं पाखी हेगड़े से निरहुआ के साथ काम न करने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने साफ कहा कि वह जिसे जवाब देना जरूरी समझेंगी, उसी को जवाब देंगी। शो में इन कलाकारों के जवाबों और मजेदार किस्सों ने एपिसोड को खास बना दिया।
Read more-खौफनाक अंत से पहले मां-बेटे का दर्दनाक वीडियो: iPhone में कैद आखिरी चीख—’मेरी कोई नहीं सुनता…’
