Homeदेशशादी की शहनाइयां गूंज रही थीं, दुल्हन भी तैयार बैठी थी, लेकिन...

शादी की शहनाइयां गूंज रही थीं, दुल्हन भी तैयार बैठी थी, लेकिन पार्किंग में खड़ी कार देखते ही दूल्हे ने ले लिया ऐसा फैसला कि सन्न रह गए सब!

सोनीपत में दहेज में ब्रेजा कार और सोने के गहने न मिलने पर दिल्ली पुलिस का जवान दूल्हा बारात लेकर वापस लौट गया। पिता की शिकायत पर 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

-

हरियाणा के सोनीपत जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक रिटायर्ड कर्मचारी पिता के अरमानों पर दहेज के लालच ने पानी फेर दिया। वेस्ट रामनगर निवासी सुभाष कुमार, जो आईटीआई गन्नौर से सेवानिवृत्त हैं, ने अपनी बेटी का रिश्ता जनवरी 2026 में गोहाना के गांधी नगर निवासी कुलदीप से तय किया था। कुलदीप दिल्ली पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात है। रिश्ता तय करते समय बिचौलियों ने लड़के वालों के बेहद संपन्न होने और दहेज न लेने की बात कही थी। इसी भरोसे पर 26 अप्रैल को धूमधाम से रिंग सेरेमनी हुई और 20 नवंबर 2026 को शादी की तारीख पक्की की गई। लेकिन तारीख तय होते ही लड़के पक्ष के तेवर बदलने लगे और ‘बिना दहेज’ का वादा महंगे तोहफों और नकदी की लंबी लिस्ट में तब्दील हो गया।

8 लाख की कार भी दूल्हे को आई कम, सगाई के सामान पर भी मारे ताने

शादी की तारीख नजदीक आते ही दूल्हे कुलदीप और उसकी मां रेशमरती ने अपने लिए दो तोले की सोने की चेन, अंगूठी, सोने के टॉप्स, चांदी की पायल और महंगे कपड़ों की फरमाइश रख दी। इतना ही नहीं, दूल्हा दहेज में मारुति की ‘ब्रेजा’ कार लेने की जिद पर अड़ गया। बेटी की खुशी के लिए मजबूर पिता ने अपनी क्षमता से बाहर जाकर करीब 8 से 9 लाख रुपये की हुंडई ऑरा कार बुक करवाई, लेकिन दूल्हे को यह कार रास नहीं आई। 19 नवंबर को जब लड़की वाले सगाई की रस्म लेकर दूल्हे के घर पहुंचे, तो वहां दिए गए फर्नीचर और अन्य सामान को घटिया बताकर उनका अपमान किया गया। साथ ही, दूल्हे के भाई-भाभी के लिए भी सोने के जेवर और मां के लिए सोने के कड़ों की नई मांग रख दी गई।

वाटिका में पार्किंग देख भड़का दूल्हा, मारपीट के बाद आधी रात को लौटी बारात

तमाम तानों और अपमान को सहते हुए लड़की पक्ष ने 20 नवंबर को सोनीपत के मुरथल रोड स्थित मामचंद वाटिका में बारात के स्वागत की भव्य तैयारी की। शाम करीब 7 बजे दूल्हा और उसकी मां सादे कपड़ों में पहले ही वाटिका पहुंच गए। वहां पार्किंग में ब्रेजा कार न देखकर उन्होंने साफ कह दिया कि कार नहीं तो शादी नहीं होगी। थोड़ी देर बाद जब बारात पहुंची, तो बिचौलियों और दूल्हे की मां ने पिता पर तुरंत ब्रेजा कार और गहनों का इंतजाम करने का दबाव बनाया। जब पीड़ित पिता ने हाथ जोड़कर असमर्थता जताई, तो मेहमानों के सामने ही दूल्हे पक्ष ने गाली-गलौच, धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी। भारी हंगामे के बाद रात करीब 12 बजे दूल्हा बिना दुल्हन लिए ही बारात वापस लेकर लौट गया।

दिल्ली पुलिस के जवान समेत 6 पर गिरेगी गाज, सामान वापसी की गुहार

इस घटना के बाद से दुल्हन और उसका पूरा परिवार गहरे सदमे में है। पीड़ित पिता सुभाष कुमार ने अब हिम्मत जुटाते हुए सोनीपत के सेक्टर-27 थाना पुलिस में न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने दिल्ली पुलिस में तैनात दूल्हे कुलदीप, उसकी मां रेशमरती, भाई-भाभी और दोनों बिचौलियों समेत कुल 6 लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है। पिता का यह भी आरोप है कि सगाई में दिया गया कीमती फर्नीचर और सोने-चांदी के आभूषण अभी भी लड़के वालों के कब्जे में हैं, जिन्हें वापस दिलाया जाए। फिलहाल, सेक्टर-27 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर गंभीरता से जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।
- Advertisement -

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest posts