Sapna Choudhary Divorce: हरियाणवी डांसिंग स्टार सपना चौधरी (Sapna Choudhary) की निजी जिंदगी को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। लंबे समय तक वीर साहू के साथ शादीशुदा जिंदगी बिताने के बाद अब दोनों के रिश्ते में दरार आ गई है। सपना ने खुद एक इंटरव्यू में खुलासा किया है कि उन्होंने तलाक के लिए अर्जी दाखिल कर दी है। सपना और वीर साहू की शादी साल 2020 में हुई थी। दोनों के दो बेटे हैं। हालांकि, उनके रिश्ते में आई इस दूरी को लेकर सपना ने किसी तीसरे व्यक्ति को जिम्मेदार नहीं ठहराया। NMF News को दिए इंटरव्यू में उन्होंने साफ कहा कि शादी दो लोगों के बीच का रिश्ता होता है और इसके बारे में फैसला लेने का हक भी उन्हीं दोनों को है। सपना के मुताबिक, जब तक सबकुछ ठीक था, दोनों साथ थे, लेकिन जब परिस्थितियां बदल गईं तो अलग होने का फैसला लेना पड़ा। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि रिश्तों के निजी मामलों पर बाहर के लोगों को टिप्पणी करने से बचना चाहिए।
बच्चों को लेकर उठ रहे सवालों पर सपना ने दिया करारा जवाब
तलाक की खबर सामने आने के बाद सपना चौधरी (Sapna Choudhary) को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। खासकर उनके बच्चों की परवरिश को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। इस पर सपना ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि लोग उनके काम को देखकर राय दें, उनकी निजी जिंदगी को लेकर फैसला न सुनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें अपने बच्चों की जिम्मेदारी और परवरिश अच्छी तरह समझ आती है। सपना ने अपने बीते दिनों को याद करते हुए बताया कि बिग बॉस से बाहर आने के बाद उनकी शादी हो गई थी। उस समय वह अपने करियर के सबसे लोकप्रिय दौर में थीं। उन्होंने एक अच्छी बहू, पत्नी और मां बनने की जिम्मेदारी निभाई, लेकिन इस दौरान खुद के विकास और करियर पर उतना ध्यान नहीं दे पाईं। सपना को अब महसूस होता है कि उन्हें उस समय अपनी ग्रूमिंग और व्यक्तिगत पहचान को मजबूत करने पर भी काम करना चाहिए था। उनके मुताबिक, रिश्तों और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच वह खुद के लिए समय नहीं निकाल पाईं।
View this post on Instagram
क्या वीर साहू से अलग होने के बाद दूसरी शादी करेंगी सपना? मिला दिलचस्प जवाब
इंटरव्यू के दौरान सपना चौधरी (Sapna Choudhary) से उनकी दूसरी शादी को लेकर भी सवाल किया गया। उनसे पूछा गया कि क्या वह भविष्य में फिर से शादी करने के बारे में सोचेंगी? इस पर सपना ने कहा कि उन्हें हर किसी से आसानी से प्यार नहीं होता। वह भावनाओं को गंभीरता से लेती हैं और किसी से दिल की गहराई से जुड़ती हैं। उन्होंने फिलहाल दूसरी शादी की संभावना से इनकार करते हुए कहा कि अगर भविष्य में कोई ऐसा इंसान मिला, जो उनके प्यार और भरोसे के काबिल हो, तो इस बारे में सोचा जा सकता है। हालांकि, अभी उनका दोबारा शादी करने का कोई इरादा नहीं है। सपना के इस बयान से साफ है कि वह फिलहाल अपनी जिंदगी के इस बदलाव को स्वीकार करने और आगे बढ़ने पर ध्यान देना चाहती हैं। वीर साहू के साथ उनके रिश्ते का भविष्य अब कानूनी प्रक्रिया और दोनों के फैसलों पर निर्भर करेगा। फिलहाल सपना का यह खुलासा उनके प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
