PM Balen Shah: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह यानी बालेन शाह 22 नवंबर को अपनी पहली आधिकारिक भारत यात्रा पर पहुंच रहे हैं। प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला द्विपक्षीय भारत दौरा है। इस दो दिवसीय यात्रा को भारत और नेपाल के रिश्तों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। उनके साथ 34 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आएगा। नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री सलाहकार राजन भट्टाराई ने उम्मीद जताई है कि इस दौरे से दोनों देशों के बीच आपसी विश्वास और सहयोग को नई मजबूती मिलेगी। उनका कहना है कि भारत नेपाल का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार, प्रमुख निवेशक और महत्वपूर्ण विकास सहयोगी है। ऐसे में दोनों देशों के नेताओं के बीच नियमित बातचीत जरूरी है। भट्टाराई ने भूकंप और कोरोना महामारी के दौरान भारत की ओर से मिली मदद का भी जिक्र किया।
सड़क, हवाई सेवा और गैस पाइपलाइन पर बन सकती है बात
बालेन शाह (PM Balen Shah) की इस यात्रा में सिर्फ पुराने संबंधों की चर्चा नहीं होगी, बल्कि भविष्य के सहयोग पर भी नजर रहेगी। दोनों देशों के बीच सड़क और हवाई संपर्क बेहतर बनाने, पेट्रोलियम पाइपलाइन के विस्तार और गैस पाइपलाइन की संभावनाओं पर बातचीत हो सकती है। इसके अलावा जलवायु परिवर्तन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक तकनीक के जरिए विकास को गति देने जैसे विषय भी एजेंडे में शामिल हो सकते हैं। क्रिकेट के बुनियादी ढांचे और स्टेडियम निर्माण में सहयोग की संभावनाएं भी तलाशी जा सकती हैं। भारत और नेपाल के बीच बेहतर कनेक्टिविटी से व्यापार, पर्यटन और आम लोगों की आवाजाही को फायदा मिल सकता है। यही वजह है कि इस यात्रा को दोनों देशों के आर्थिक और रणनीतिक सहयोग के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
आठ साल से अटकी EPG रिपोर्ट पर क्या निकलेगा रास्ता?
इस दौरे का सबसे अहम और चर्चित मुद्दा एमिनेंट पर्सन्स ग्रुप (EPG) की लंबित रिपोर्ट हो सकता है। भारत और नेपाल ने इस समूह का गठन दोनों देशों के संबंधों की समीक्षा और भविष्य के रिश्तों को बेहतर बनाने के सुझाव देने के लिए किया था। रिपोर्ट तैयार हुए करीब आठ साल हो चुके हैं, लेकिन इसे लेकर अब तक कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है। नेपाल की ओर से उम्मीद जताई जा रही है कि बालेन शाह इस मुद्दे को भारत के सामने उठा सकते हैं। कार्यक्रम के मुताबिक, 22 नवंबर को उनकी मुलाकात विदेश मंत्री एस. जयशंकर से होगी, जबकि 23 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता प्रस्तावित है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी उनकी मुलाकात होगी। अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या यह दौरा EPG रिपोर्ट जैसे पुराने विवादों को सुलझाने और दोनों देशों के रिश्तों में नई शुरुआत करने का रास्ता खोलेगा।
