Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां सर्किट हाउस में AIMIM प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। हैरानी की बात यह है कि बताया जा रहा है कि यह सम्मान सुप्रीम कोर्ट के एक न्यायाधीश को दिया जाना था। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया है। ओवैसी जब सहारनपुर के सर्किट हाउस पहुंचे, उसी दौरान पुलिसकर्मियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। अब सवाल उठ रहा है कि आखिर अधिकारियों से इतनी बड़ी गलती कैसे हुई? क्या प्रोटोकॉल को लेकर कोई भ्रम पैदा हुआ था या फिर संबंधित अधिकारियों ने बिना जानकारी की पुष्टि किए यह कदम उठा लिया? फिलहाल इस घटना ने प्रशासनिक तालमेल और सरकारी प्रोटोकॉल के पालन को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
VIDEO सामने आने के बाद उठे सवाल, किसकी थी जिम्मेदारी?
गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने का वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक स्तर पर हुई चूक को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। बताया जा रहा है कि जिस न्यायाधीश के लिए यह व्यवस्था की गई थी, उनकी जगह ओवैसी को सलामी दी गई। हालांकि, इस पूरे मामले में अधिकारियों की ओर से गलती के कारण और जिम्मेदारी को लेकर आधिकारिक स्थिति स्पष्ट होना बाकी है। सरकारी कार्यक्रमों में प्रोटोकॉल का विशेष महत्व होता है और इसमें छोटी सी गलती भी चर्चा का विषय बन सकती है। ऐसे में सहारनपुर की इस घटना ने पुलिस और प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि मामले में संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा जाता है या नहीं और प्रशासन की ओर से इस चूक पर क्या सफाई दी जाती है।
Saharanpur, Uttar Pradesh: AIMIM chief Asaduddin Owaisi was given a Guard of Honour at the Circuit House instead of a Supreme Court judge, who was supposed to receive it https://t.co/osoxpkB8Gn
— IANS (@ians_india) November 21, 2026
चंद्रशेखर आजाद के घर पहुंचे ओवैसी
दरअसल, असदुद्दीन ओवैसी अपने सहारनपुर दौरे के दौरान भीम आर्मी प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आजाद के घर भी पहुंचे थे। यहां उन्होंने लंच किया। इस मुलाकात के बाद यूपी की राजनीति को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गईं। खबरों के मुताबिक, ओवैसी ने गठबंधन की स्थिति में चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाने की बात कही। वहीं सपा नेता आजम खान के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए ओवैसी ने कहा कि राजनीति में मुद्दा वह खुद नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की जनता है। उन्होंने आजम खान को जमानत मिलने पर खुशी जताई और उन्हें अपनी सेहत का ध्यान रखने की सलाह भी दी। इस तरह ओवैसी का सहारनपुर दौरा एक तरफ राजनीतिक मुलाकातों और बयानों को लेकर चर्चा में रहा, तो दूसरी तरफ गार्ड ऑफ ऑनर वाली कथित प्रशासनिक चूक ने पूरे मामले को सुर्खियों में ला दिया।
