बिहार में मौसम का मिजाज बदलने और कई जिलों में बारिश की चेतावनी के बीच मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। बारिश ने भले ही आयोजन से जुड़े लोगों की चिंता बढ़ाई हो, लेकिन गांव में तैयारियों की रफ्तार कम नहीं हुई है। मेहमानों के स्वागत से लेकर हजारों लोगों के भोजन तक के लिए बड़े स्तर पर इंतजाम किए जा रहे हैं।
बारिश के बीच भी शादी की तैयारियों में जुटे लोग
अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां में शादी की तैयारियां जोरों पर हैं। मौसम खराब होने के बावजूद कारीगर और मजदूर लगातार काम कर रहे हैं। बारिश के कारण घोड़ों की नियमित प्रैक्टिस नहीं हो सकी, लेकिन उनकी देखभाल और सेवा का काम जारी रहा। घर के आसपास कई बड़े पंडाल तैयार किए गए हैं। आयोजन में शामिल समर्थकों को उम्मीद है कि मौसम की परेशानी के बावजूद कार्यक्रम अच्छी तरह संपन्न होगा।
चार दिन पहले से शुरू हुई खाने-पीने की व्यवस्था
शादी में आने वाले मेहमानों के भोजन के लिए पहले से ही बड़े पैमाने पर तैयारी की जा रही है। अब तक 200 से ज्यादा कमर्शियल गैस सिलेंडर पहुंच चुके हैं। इसके अलावा करीब तीन ट्रक कोयला भी मंगाया गया है। खेत में अस्थायी स्टोर बनाकर राशन और दूसरी खाद्य सामग्री रखी गई है। तीन दर्जन से अधिक कोयले के चूल्हे तैयार किए जा रहे हैं, जिन पर मिठाइयां बनाने का काम शुरू होना है। दूध पहुंचने के बाद मिठाई बनाने की रफ्तार और बढ़ेगी।
वीआईपी मेहमानों के लिए 10 करोड़ का कैटरिंग टेंडर
शादी में वीआईपी मेहमानों के भोजन और सजावट की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश के मऊ के कैटरर प्रदीप जायसवाल को दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस काम का टेंडर करीब 10 करोड़ रुपये का है। वीआईपी मेहमानों के लिए 150 से अधिक तरह के व्यंजन तैयार करने की योजना है। इसके लिए मऊ से दो ट्रक बर्तन और करीब 200 कारीगर व मजदूर पहुंच चुके हैं। कुछ कारीगर तो एक महीने पहले से ही आयोजन की तैयारियों में लगे हुए हैं।
चार लाख लोगों के भोजन का दावा, अब मौसम पर नजर
अनंत सिंह पहले ही शादी में करीब चार लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था किए जाने की बात कह चुके हैं। इसके लिए अलग-अलग पंडाल बनाए जा रहे हैं। मऊ के कैटरर के साथ बाढ़ से भी हलवाई और कारीगर बुलाए गए हैं। मिठाइयां पहले से बनाकर स्टॉक में रखने की तैयारी है, ताकि मेहमानों को समय पर भोजन मिल सके। अब सबसे बड़ी चिंता बारिश को लेकर है। हालांकि, तैयारियों को देखकर आयोजकों का उत्साह बरकरार नजर आ रहा है।
Read more-शादी की दावत में गाजर का हलवा बना मुसीबत! एक साथ 40 लोग पड़े बीमार, उल्टी और पेट दर्द से मचा हड़कंप
