हरदोई के सखौरा गांव में जमीन की पैमाइश के दौरान राजस्व टीम पर गंभीर आरोप लगा है। आरोप है कि मौके पर मौजूद एक युवक से उसकी जाति पूछी गई और पांडेय बताए जाने के बाद उसे एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी दी गई। इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला अधिकारियों तक पहुंचा। हालांकि, संबंधित लेखपाल ने आरोपों को गलत बताया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए हरदोई सदर के एसडीएम ने तहसीलदार को जांच सौंपी है और दो दिन में रिपोर्ट देने को कहा है।
पट्टे की जमीन की पैमाइश को लेकर शुरू हुआ विवाद
मामला सदर तहसील के टडियामा थाना क्षेत्र के सखौरा गांव का बताया जा रहा है। यहां रामसागर पासी ने पट्टे की जमीन पर कब्जे और उसकी सही पैमाइश के लिए तहसील में प्रार्थना पत्र दिया था। शिकायत के आधार पर नायब तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। इसी दौरान संतोष कुमार पांडेय का बेटा गौरव पांडेय भी वहां पहुंच गया। गौरव का कहना है कि उनके परिवार के नाम करीब तीन दशक से सरकारी जमीन का पट्टा है और वे उस पर खेती के साथ पेड़ भी लगाए हुए हैं। पैमाइश पूरी होने से पहले पेड़ हटाने का विरोध करने पर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया।
वीडियो वायरल होने के बाद गरमाया मामला
गौरव पांडेय और उनके परिवार की ओर से आरोप लगाया गया कि विवाद के दौरान उनकी जाति पूछी गई। उनके पांडेय यानी ब्राह्मण होने की जानकारी देने के बाद कथित तौर पर एससी-एसटी एक्ट में कार्रवाई कराने की बात कही गई। घटना से जुड़ा वीडियो सामने आने के बाद परिवार ने निष्पक्ष जांच की मांग की। परिवार का कहना है कि जमीन की पैमाइश से जुड़ी आपत्ति को कानून के तहत सुना जाना चाहिए था, न कि जाति के आधार पर कार्रवाई की धमकी दी जानी चाहिए थी। वायरल वीडियो में कही गई बातों को लेकर ही अब प्रशासनिक जांच की जा रही है।
लेखपाल ने आरोपों से किया इनकार, बताई अलग कहानी
आरोपों के घेरे में आए लेखपाल आलोक त्रिपाठी ने खुद पर लगाए गए आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि मौके पर जमीन के कब्जे को लेकर विवाद था और करीब पौने बीघा जमीन को लेकर स्थिति स्पष्ट की जा रही थी। लेखपाल के मुताबिक, पैमाइश के दौरान दूसरे पक्ष की ओर से पट्टेदार को धमकी देने की बात सामने आई थी। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने केवल दोनों पक्षों को शांत रहने और कानूनी तरीके से अपनी बात रखने के लिए कहा था। वायरल वीडियो को लेकर भी उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है और उन्होंने किसी को धमकी नहीं दी।
SDM बोले- टिप्पणी गलत थी, रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
मामला सामने आने के बाद एसडीएम सदर मयंक कुंडू ने जांच के निर्देश दिए हैं। उनके अनुसार, राजस्व टीम जमीन विवाद की जांच के लिए मौके पर गई थी और पैमाइश में दोनों पक्षों के क्षेत्रफल में ओवरलैप की स्थिति सामने आई। एसडीएम ने बताया कि मौके पर लेखपाल की ओर से एससी-एसटी एक्ट को लेकर की गई टिप्पणी प्रथम दृष्टया गलत थी। अब तहसीलदार सदर को दो दिन के भीतर जांच रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ विभागीय या कानूनी कार्रवाई पर फैसला लिया जाएगा।
