Smit Machchhar: फ्लाई दुबई की उड़ान FZ1073 में हुए हमले के दौरान घायल भारतीय पायलट कैप्टन स्मित माछर (Smit Machchhar) को आगे के इलाज के लिए सऊदी अरब से UAE एयरलिफ्ट किया गया है। उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद उन्हें सऊदी अरब के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा था। अब बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए उन्हें UAE ले जाया गया है।
भारतीय अधिकारियों ने परिवार से की मुलाकात
दुबई में भारतीय मिशन के अधिकारियों ने कैप्टन स्मित माछर (Smit Machchhar) के परिवार से मुलाकात की। UAE में भारत के राजदूत डॉ. दीपक मित्तल और कॉन्सुल जनरल डॉ. ई. विष्णु वर्धन रेड्डी ने परिवार को पायलट की सेहत से जुड़ी जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि भारतीय दूतावास और कॉन्सुलेट लगातार UAE के संबंधित अधिकारियों के संपर्क में हैं। परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिया गया है।
34 हजार फीट पर हुआ था चाकू से हमला
बताया गया है कि बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाई दुबई की उड़ान FZ1073 में उड़ान के दौरान कैप्टन स्मित माछर (Smit Machchhar) पर उनके को-पायलट ने चाकू से हमला कर दिया था। हमले के बाद विमान करीब 34 हजार फीट की ऊंचाई से अचानक लगभग 17 हजार फीट नीचे आ गया। स्थिति को संभालने के बाद विमान की सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग कराई गई। विमान में करीब 180 लोग सवार थे। गंभीर स्थिति के बावजूद पायलट की भूमिका को लेकर उनकी बहादुरी की चर्चा हुई।
गुजरात सरकार देगी विशेष सम्मान
कैप्टन स्मित माछर (Smit Machchhar) की बहादुरी की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत कई नेताओं ने सराहना की है। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी उनके साहस की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी बहादुरी से गुजरात और देश का नाम रोशन किया है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि उनकी असाधारण बहादुरी और इंसानियत के काम के सम्मान में गुजरात सरकार उन्हें ‘विशिष्ट गुजरात गरिमा पुरस्कार’ देगी। इस बीच उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।
