Homeदुनियाजब घायल पड़े थे कैप्टन स्मित, तभी एक आम यात्री ने कैसे...

जब घायल पड़े थे कैप्टन स्मित, तभी एक आम यात्री ने कैसे सभाला विमान का कंट्रोल? खून से सने कपड़ों में नेतन्याहू से मिला

फ्लाईदुबई की उड़ान में कॉकपिट के अंदर पायलटों के बीच विवाद के बाद विमान खतरे में आ गया। यात्री यानिव हायून ने हमलावर को काबू करने में मदद की और टीवी शो से मिली जानकारी से विमान संभालने की कोशिश की।

-

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक उड़ान में उस समय बड़ा संकट खड़ा हो गया, जब कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच  मारपीट शुरू हो गई। हालात इतने बिगड़े कि भारतीय पायलट स्मित मच्छार घायल हो गए और विमान का संतुलन भी प्रभावित हुआ। इसी दौरान विमान में मौजूद इजराइली यात्री यानिव हायून ने आगे बढ़कर हमलावर पायलट को काबू करने में मदद की। हैरानी की बात यह रही कि हायून के पास विमान उड़ाने की कोई औपचारिक ट्रेनिंग नहीं थी।

कॉकपिट से आई आवाज तो मदद के लिए दौड़ा यात्री

हायून ने इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात के दौरान पूरी घटना के बारे में बताया। उसके मुताबिक, उड़ान के दौरान उसे कॉकपिट की तरफ से चीखने की आवाजें सुनाई दीं। वह एक अन्य यात्री के साथ वहां पहुंचा तो भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर घायल हालत में दिखाई दिए। इसी दौरान कथित हमलावर पायलट विमान के नियंत्रण के पास मौजूद था। हायून ने उसे कॉकपिट के कंट्रोल से दूर किया और यात्रियों की मदद मांगी। इसके बाद तीन यात्रियों ने मिलकर आरोपी को काबू किया और उसके हाथ बांध दिए।

- Advertisement -

विमान नीचे जाने लगा तो टीवी शो की बात याद आई

हमलावर को काबू करने के बाद भी खतरा खत्म नहीं हुआ। विमान तेजी से नीचे की ओर जाने लगा और कुछ ही समय में करीब 16 हजार फीट की ऊंचाई खो बैठा। इसी दौरान यानिव हायून ने विमान के कंट्रोल संभालने की कोशिश की। उसने बताया कि उसे विमान उड़ाने की जानकारी किसी पायलट से नहीं, बल्कि ‘एयर डिजास्टर्स’ नाम के टीवी कार्यक्रम से मिली थी। शो में विमान से जुड़ी दुर्घटनाओं के दौरान अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं को देखने की वजह से उसे अंदाजा था कि विमान तेजी से नीचे जाए तो कंट्रोल को पीछे खींचने से उसकी नोज ऊपर उठ सकती है।

रिजर्व क्रू ने संभाली कमान, तबूक में हुई लैंडिंग

यानिव हायून की कोशिश के बाद कुछ समय तक विमान को संभाला गया। इसके बाद फ्लाईदुबई के रिजर्व क्रू के एक सदस्य ने कॉकपिट में पहुंचकर विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लिया। विमान को सऊदी अरब के तबूक में सुरक्षित उतारा गया। लैंडिंग के बाद घायल कैप्टन स्मित मच्छर को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। भारतीय दूतावास से मिली जानकारी के मुताबिक उनकी हालत स्थिर बताई गई है। इस घटना में घायल होने के बावजूद उनके द्वारा कॉकपिट का दरवाजा खोलने की बात भी सामने आई है।

खून से सने कपड़ों में नेतन्याहू से मिला यात्री

घटना के बाद यानिव हायून खून से सने कपड़ों में इजराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू से मिलने पहुंचा। मुलाकात के दौरान नेतन्याहू ने उसके साहस की सराहना की और उसे बहादुर बताया। दूसरी तरफ आरोपी ओमानी सह-पायलट को सऊदी अधिकारियों ने हिरासत में लिया है। घटना की जांच जारी है और फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। फ्लाईदुबई ने भी जांच पूरी होने से पहले घटना के कारण को लेकर अटकलें लगाने से बचने की अपील की है।

Read More-अखिलेश से मिलीं आजम खान की पत्नी, क्या तीसरे राज्यसभा उम्मीदवार पर खुलने वाला है सस्पेंस?

 

- Advertisement -

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest posts