दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में बुधवार को अचानक कॉकपिट के अंदर हिंसक घटना हो गई। इस दौरान भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार गंभीर रूप से घायल हो गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सह-पायलट ने उन पर चाकू से हमला किया। हालात बिगड़ने पर विमान की ऊंचाई तेजी से कम हुई और इमरजेंसी की स्थिति बन गई। इसी दौरान घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने हिम्मत दिखाई और कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया।
दरवाजा खुला तो यात्रियों ने संभाला मोर्चा
कॉकपिट का दरवाजा खुलने के बाद कुछ यात्रियों और क्रू सदस्यों ने अंदर पहुंचकर हमलावर को काबू करने में मदद की। विमान में मौजूद दो अन्य पायलटों ने बाद में विमान का नियंत्रण संभाला। इसके बाद फ्लाइट की सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। इस पूरी घटना के दौरान विमान में 174 यात्री सवार थे। घटना की जांच जारी है और फ्लाईदुबई ने भी जांच पूरी होने तक अटकलों से बचने की अपील की है।
My salute to the Indian pilot Captain Smit Machchhar for his extraordinary bravery.
Despite being stabbed and seriously injured, he fought back, resisted, opened the cockpit door, and enabled passengers and crew to overpower the attacker — preventing a catastrophic mid-air…
— Benjamin Netanyahu – בנימין נתניהו (@netanyahu) September 30, 2026
नेतन्याहू ने जमकर की तारीफ
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद भारतीय पायलट ने मुकाबला किया, कॉकपिट का दरवाजा खोला और यात्रियों तथा क्रू को हमलावर पर काबू पाने का मौका दिया। नेतन्याहू ने कहा कि मच्छार की कार्रवाई से बड़ी विमान दुर्घटना टली और 174 लोगों की जान बची। उन्होंने भारतीय कैप्टन को ‘सच्चा हीरो’ बताते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
अस्पताल में भर्ती हैं भारतीय कैप्टन
हमले में घायल कैप्टन स्मित मच्छार को सऊदी अरब के तबूक शहर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भारतीय दूतावास के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई गई है और अधिकारी उनके परिवार के संपर्क में हैं। मच्छार के साहस की इस घटना के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा हो रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उन्होंने गंभीर चोट के बावजूद ऐसा कदम उठाया, जिससे यात्रियों को कॉकपिट तक पहुंचने और स्थिति संभालने का मौका मिला।
Read More-UP में बिजली बिल को लेकर बड़ी राहत, अक्टूबर में कम होगा बिल; जानिए कितना मिलेगा फायदा
