Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से जुड़ा एक बेहद सनसनीखेज और रिश्तों को तार-तार करने वाला मामला सामने आया है, जिसकी गूंज पंजाब के लुधियाना से लेकर यूपी तक सुनाई दे रही है। यहां एक युवक ने अपनी पत्नी को पड़ोसी युवक के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखने के बाद खौफनाक कदम उठा लिया। जानकारी के मुताबिक, हरदोई के लोनार कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला 23 वर्षीय युवक लुधियाना में ट्रैक्टर पार्ट्स बनाने वाली एक कंपनी में काम करता है। वह वहां अपनी 20 वर्षीय पत्नी और दो मासूम बेटियों के साथ किराये के मकान में रहता था। पास के ही कमरे में उसकी बहन और जीजा भी रहते हैं। गुस्से और आक्रोश में आकर युवक ने पहले खुद जहरीला पदार्थ खाया और फिर चाकू से अपनी पत्नी की गर्दन पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
गांव के ही युवक से बढ़ी थीं नजदीकियां, रंगे हाथ पकड़ने की दी गई थी चुनौती
इस पूरे विवाद की जड़ करीब पांच महीने पहले शुरू हुई थी, जब युवक के ही गांव का एक परिचित लड़का लुधियाना आकर उनके कमरे में रहने लगा था। एक ही छत के नीचे रहने के दौरान उस युवक और विवाहिता के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं। जब पति को इस बात की भनक लगी, तो उसने सख्ती दिखाते हुए उस युवक को अपने कमरे से बाहर निकाल दिया। लेकिन शातिर युवक ने वहां से दूर जाने के बजाय ठीक पड़ोस में ही एक दूसरा कमरा किराये पर ले लिया। पति का कहना है कि उसे अपनी पत्नी और पड़ोसी युवक के बीच प्रेम प्रसंग होने का गहरा शक था। जब उसने इस बात का विरोध किया, तो पड़ोसी युवक ने उल्टा उसे ही दोनों को रंगे हाथ पकड़ने की खुली चुनौती दे डाली।
मंगलवार की रात बिछाया जाल और आधी रात को खुल गया सारा राज
पड़ोसी की इस चुनौती के बाद पति ने सच्चाई का पता लगाने के लिए एक गुप्त योजना बनाई। मंगलवार की रात उसने घर पर नाइट ड्यूटी पर जाने का बहाना बनाया और काम के लिए निकल गया। लेकिन ड्यूटी पर जाने के बजाय वह रात करीब एक बजे चुपचाप वापस अपने घर लौट आया। जब उसने अपने कमरे में जाकर देखा, तो वहां उसकी पत्नी मौजूद नहीं थी। शक के आधार पर वह सीधे पड़ोस में रहने वाले उसी युवक के कमरे की तरफ गया। जैसे ही उसने दरवाजा खोला, अंदर अपनी पत्नी और पड़ोसी युवक को आपत्तिजनक हालत में देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। इसके बाद मौके पर जमकर विवाद और चीख-पुकार मच गई।
छीना-झपटी में पति भी हुआ लहूलुहान, गंभीर हालत में पत्नी लखनऊ रेफर
रात के इस बवाल के बाद बुधवार सुबह युवक ने आत्मघाती कदम उठाते हुए पहले कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया और फिर गुस्से में चाकू उठाकर पत्नी की गर्दन रेत दी। हमले के दौरान खुद को बचाने के लिए हुई छीना-झपटी में पति की गर्दन पर भी चाकू लग गया, जिससे वह भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद आनन-फानन में दोनों को लुधियाना के अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिलाया गया और फिर बृहस्पतिवार को परिजन दोनों घायलों को लेकर हरदोई मेडिकल कॉलेज पहुंचे। मेडिकल कॉलेज के ईएनटी विभागाध्यक्ष डॉ. विवेक सिंह ने बताया कि महिला की गर्दन पर काफी गहरा घाव होने के कारण उसकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है, जिसे देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे लखनऊ हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
Read More-4 दिन में उजड़ गया परिवार! लखनऊ में एक ही घर के 3 बच्चों की रहस्यमयी मौत से मचा हड़कंप
