Bihar Liquor Smuggling: बिहार के समस्तीपुर में 25 वर्षीय नेहा झा को कथित शराब तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया गया है। बताया गया कि नेहा नई दिल्ली से जयनगर जा रही स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के एसी फर्स्ट क्लास कोच में अपने जीजा ईशान कुमार के साथ सफर कर रही थी। समस्तीपुर स्टेशन पर आरपीएफ और सीआईबी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कोच के एच-1 हिस्से में जांच की। कूप का दरवाजा अंदर से बंद था। तलाशी के दौरान नेहा के सामान से दो सूटकेस बरामद हुए, जिनमें करीब 75 लीटर विदेशी शराब होने की बात सामने आई।
टिकट के बिना सफर करने का भी आरोप
जांच के दौरान आरपीएफ टीम ने पूरे मामले की वीडियोग्राफी कराई। अधिकारियों के मुताबिक, नेहा के पास एसी फर्स्ट क्लास का टिकट नहीं था। उसने कथित तौर पर बताया कि सीट उसके जीजा ईशान के नाम से बुक थी, लेकिन जांच में ईशान के पास भी टिकट नहीं मिलने की बात सामने आई। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी को सौंप दिया गया। पूछताछ में नेहा के आत्मविश्वास से जवाब देने और जांच टीम से बहस करने की बात भी सामने आई है। हालांकि, मामले से जुड़े सभी आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
पिता और बहन भी पहले जा चुके हैं जेल
जांच की कड़ियां आगे बढ़ीं तो नेहा के परिवार से जुड़ा पुराना मामला भी सामने आया। नेहा समस्तीपुर के सिंघिया थाना क्षेत्र के बारी गांव की रहने वाली बताई गई है। जानकारी के अनुसार, उसके पिता संजय झा पर भी शराब तस्करी का मामला दर्ज हो चुका है और वह जेल जा चुके हैं। इसके बाद परिवार की बड़ी बेटी निशु झा का नाम सामने आया। बताया गया कि 30 नवंबर 2025 को दरभंगा उत्पाद विभाग ने निशु को करीब 21 लीटर विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसे भी जेल भेजा गया। अब नेहा की गिरफ्तारी ने परिवार के कथित शराब नेटवर्क को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव बनकर शराब पहुंचाने का आरोप
मामले में एक और दावा सामने आया है। जांच एजेंसियों को कथित तौर पर जानकारी मिली है कि नेहा मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के तौर पर अपनी पहचान का इस्तेमाल करती थी और इसी बहाने दरभंगा में कुछ डॉक्टरों और प्रभावशाली लोगों तक विदेशी शराब पहुंचाती थी। फिलहाल यह आरोप जांच का हिस्सा है और इसकी पूरी सच्चाई सामने आना बाकी है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद शराब कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। जांच आगे बढ़ने के साथ इस कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य नाम भी सामने आ सकते हैं।
Read More-पेट्रोल के दाम को लेकर बढ़ी हलचल! पंप पर जाने से पहले देख लें 1 लीटर का ताजा भाव
