Afghanistan School Blast:अफगानिस्तान के कुनार प्रांत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां एक मिडिल स्कूल में अचानक हुए विस्फोट ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। धमाके में कई छात्रों की मौत होने और बड़ी संख्या में बच्चों के घायल होने की खबर है। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गई हैं और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि, अभी तक मृतकों और घायलों की सही संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस घटना ने एक बार फिर अफगानिस्तान में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सुबह 10 बजे स्कूल में हुआ जोरदार धमाका
बताया जा रहा है कि कुनार प्रांतीय पुलिस मुख्यालय के प्रवक्ता फरीद देहकान ने बताया कि यह विस्फोट सुबह करीब 10 बजे प्रांत के सेर इलाके में स्थित एक मिडिल स्कूल में हुआ। धमाका इतना गंभीर था कि कई छात्र इसकी चपेट में आ गए। शुरुआती जानकारी में कुछ बच्चों की मौत होने और कई के घायल होने की बात सामने आई है। घटना के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, विस्फोट के समय स्कूल में कितने छात्र मौजूद थे, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
धमाके की वजह अब तक साफ नहीं, जांच में जुटी टीमें
स्कूल में विस्फोट किस वजह से हुआ और इसके पीछे किसका हाथ हो सकता है, इस बारे में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। कुनार प्रांत की जांच टीमें घटनास्थल पर पहुंचकर सबूत जुटा रही हैं। पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है, ताकि धमाके की असली वजह का पता लगाया जा सके। फिलहाल किसी संगठन या व्यक्ति की ओर से इस घटना की जिम्मेदारी लेने की खबर भी सामने नहीं आई है। प्रशासन की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। मृतकों और घायलों की संख्या स्पष्ट होने के बाद घटना की गंभीरता को लेकर तस्वीर साफ हो सकेगी।
अगस्त में काबुल के स्कूल परिसर को भी बनाया गया था निशाना
अफगानिस्तान में स्कूलों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। इससे पहले अगस्त में राजधानी काबुल के दश्त-ए-बरची इलाके में स्थित एक स्कूल परिसर में हैंड ग्रेनेड से हमला किया गया था। उस घटना में 42 बच्चे घायल हुए थे। अब कुनार के स्कूल में हुए ताजा विस्फोट ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्कूल ऐसी जगह होते हैं, जहां बच्चे अपना भविष्य बनाने के लिए पहुंचते हैं, लेकिन इस तरह की घटनाएं उनके जीवन और शिक्षा दोनों पर गहरा असर डालती हैं। फिलहाल सभी की नजरें जांच एजेंसियों की रिपोर्ट और प्रशासन की अगली आधिकारिक जानकारी पर टिकी हैं।

