Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली में प्रेम विवाह और धर्म परिवर्तन का मामला चर्चा में है। आंवला क्षेत्र के महमूदपुर गांव की रहने वाली नरगिस ने सनातन धर्म अपनाकर अपना नाम इच्छा देवी रख लिया और आकाश कश्यप के साथ शादी कर ली। दोनों का कहना है कि उन्होंने अपनी मर्जी से यह फैसला लिया है। शादी के बाद अब उन्हें परिवार की नाराजगी और सुरक्षा को लेकर चिंता सता रही है। आकाश ने युवती के परिजनों से जान का खतरा होने की आशंका जताई है। इसी वजह से दोनों गांव छोड़कर दिल्ली में रहने की बात कह रहे हैं।
इंस्टाग्राम पर दोस्ती, डेढ़ साल में प्यार में बदली कहानी
जानकारी के मुताबिक, नरगिस और आकाश दोनों महमूदपुर गांव के रहने वाले हैं। करीब डेढ़ साल पहले दोनों की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे। बताया जा रहा है कि युवती ने ही आकाश के सामने शादी का प्रस्ताव रखा था। हालांकि, इस रिश्ते को लेकर परिवार की नाराजगी भी सामने आई। पहले नरगिस के आकाश के साथ दिल्ली जाने पर परिजनों ने विरोध किया था और उसे वापस बुला लिया था। लेकिन युवती का कहना है कि वह अपनी इच्छा से दोबारा आकाश के पास पहुंची।
वैदिक रीति-रिवाज से अपनाया सनातन धर्म
शादी से पहले बरेली के मढ़ीनाथ स्थित श्री अगस्त्य मुनि आश्रम में धार्मिक प्रक्रिया पूरी कराई गई। आश्रम के महंत आचार्य पंडित केके शंखधार की मौजूदगी में वैदिक मंत्रों के साथ रस्में संपन्न हुईं। इसके बाद नरगिस ने अपना नाम इच्छा देवी रख लिया। युवती का दावा है कि वह पिछले चार-पांच वर्षों से हिंदू धर्म में आस्था रखती है और उसने बिना किसी दबाव के धर्म परिवर्तन किया है। दोनों ने विवाह और धर्म परिवर्तन से संबंधित शपथ-पत्र और शैक्षणिक दस्तावेज भी प्रस्तुत किए हैं।
शादी के बाद जान का खतरा, गांव छोड़कर दिल्ली पहुंचे
आकाश का कहना है कि शादी के बाद उन्हें युवती के परिवार की ओर से खतरे की आशंका है। इसी कारण दोनों फिलहाल गांव में नहीं रह रहे हैं और दिल्ली में रहने की बात कही है। वहीं इच्छा देवी ने बताया कि आकाश के परिवार ने उसे बहू के रूप में स्वीकार कर लिया है। उपलब्ध दस्तावेजों में युवती की जन्मतिथि 11 जुलाई 2008 और आकाश की जन्मतिथि 7 जुलाई 2001 दर्ज बताई गई है। इन तारीखों के अनुसार युवती की उम्र विवाह के समय 18 वर्ष से कम बनती है। ऐसे में विवाह की कानूनी वैधता और उम्र से जुड़े सवाल भी अहम हो जाते हैं। इस मामले में संबंधित दस्तावेजों और परिस्थितियों की आधिकारिक जांच जरूरी है।
Read more-मोदी सरकार के किस फैसले पर खुश हुई मायावती? लेकिन रख दी एक बड़ी मांग!

