फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में स्पेन ने अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। अतिरिक्त समय में फेरान टोरेस के निर्णायक गोल ने स्पेन को ऐतिहासिक जीत दिलाई। हालांकि मैच खत्म होने के बाद ट्रॉफी वितरण समारोह के दौरान एक और घटना चर्चा का विषय बन गई। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जो मेजबान देश के प्रमुख होने के नाते समारोह में मौजूद थे, जब फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो के साथ मंच पर पहुंचे तो स्टेडियम में मौजूद दर्शकों की ओर से तेज हूटिंग सुनाई दी। इस दौरान सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल होने लगे, जिनमें ट्रंप के मंच पर पहुंचने के समय दर्शकों की प्रतिक्रिया साफ दिखाई दे रही है। हालांकि इस दौरान आधिकारिक समारोह सामान्य तरीके से जारी रहा।
स्टेडियम में पहले भी दिखे ट्रंप
फाइनल मुकाबले से पहले डोनाल्ड ट्रंप विशेष सुरक्षा व्यवस्था के बीच स्टेडियम पहुंचे थे। वह ‘मरीन वन’ हेलीकॉप्टर से आए और मैच के दौरान फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो के साथ वीआईपी बॉक्स में बैठे दिखाई दिए। उनके साथ स्पेन के राजा फेलिप षष्ठम, कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाउम सहित कई प्रमुख हस्तियां भी मौजूद थीं। मैच के दौरान जब स्टेडियम की बड़ी स्क्रीन पर ट्रंप की तस्वीर दिखाई गई, तब भी दर्शकों की ओर से मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली। कुछ लोगों ने तालियां बजाईं, जबकि कुछ दर्शकों ने हूटिंग भी की। हालांकि मैच के बाद ट्रॉफी समारोह में यह प्रतिक्रिया पहले की तुलना में अधिक तेज नजर आई।
President Donald J. Trump presents the World Cup Trophy to Spain, the 2026 @FIFAWorldCup Champions! 🏆 pic.twitter.com/SHsoBhYm1b
— The White House (@WhiteHouse) July 19, 2026
ट्रॉफी समारोह का वीडियो वायरल
ट्रॉफी वितरण समारोह के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किए जा रहे हैं। इन्हीं वीडियो के आधार पर कुछ यूजर्स ने दावा किया कि ट्रंप जब खिलाड़ियों के साथ मंच पर पहुंचे तो दर्शकों ने उनका विरोध किया। वहीं कुछ पोस्ट में यह भी कहा गया कि ट्रंप ने ट्रॉफी के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और मंच पर अधिक समय बिताया। हालांकि वायरल वीडियो को लेकर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे सामान्य खेल आयोजन में दर्शकों की प्रतिक्रिया बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे राजनीतिक नजरिए से देख रहे हैं। आधिकारिक तौर पर इस पूरे घटनाक्रम को लेकर व्हाइट हाउस या फीफा की ओर से कोई विवाद संबंधी बयान जारी नहीं किया गया है।
स्पेन की ऐतिहासिक जीत पर छाया ट्रॉफी समारोह का विवाद
फाइनल मुकाबले में स्पेन ने पूरे मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना को 1-0 से हराया। अतिरिक्त समय में फेरान टोरेस का गोल जीत का फैसला साबित हुआ और स्पेन ने 2010 के बाद दूसरी बार फीफा विश्व कप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। दूसरी ओर, लियोनेल मेसी का लगातार दूसरी बार विश्व कप जीतने का सपना अधूरा रह गया। लेकिन मैच के बाद ट्रॉफी समारोह में हुई हूटिंग और उससे जुड़े वायरल वीडियो ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी। फिलहाल फुटबॉल प्रेमियों के बीच स्पेन की ऐतिहासिक जीत के साथ-साथ ट्रॉफी समारोह के ये दृश्य भी चर्चा का प्रमुख विषय बने हुए हैं।
Read More-मार्च से पहले अभिजीत दिपके ने भरी हुंकार, कहा- ‘हमें संसद जाने से कोई नहीं रोक सकता…’
