ग्रेटर नोएडा के एक गांव से रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है, जहां 36 लाख रुपये की दहेज मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता की जान ले ली गई। मृतका की बहन कंचन ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनकी बहन को ससुराल वाले कई दिनों से मारते-पीटते आ रहे थे। उन्होंने बताया कि उस रात उनकी बहन को बाल पकड़कर घसीटा गया और फिर उस पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी गई। चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग इकट्ठा हुए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
शादी बना मौत का सौदा
मृतका की शादी दो साल पहले धूमधाम से हुई थी। शुरुआत में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन कुछ महीनों बाद ही ससुरालवालों का रवैया बदलने लगा। बहन कंचन का आरोप है कि पति और सास-ससुर लगातार 36 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। जब लड़की के मायके वालों ने यह रकम देने में असमर्थता जताई, तो अत्याचार बढ़ते चले गए। पुलिस को दिए गए बयान में कहा गया है कि कई बार पंचायत के जरिए मामला सुलझाने की कोशिश की गई, लेकिन कोई हल नहीं निकला।
पुलिस जांच में जुटी, परिवार को इंसाफ की उम्मीद
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी पति और परिवार के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। ग्रेटर नोएडा पुलिस ने आईपीसी की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। मृतका के परिजन न्याय की गुहार लगा रहे हैं और इस जघन्य अपराध के लिए कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।
Read more-तहसील परिसर में बुजुर्ग की आत्मदाह से सनसनी, वाराणसी प्रशासन पर उठे सवाल
