Homeउत्तर प्रदेशडिंपल यादव जीत गईं... गाने को लेकर हुआ ऐसा बवाल, 5 नामजद...

डिंपल यादव जीत गईं… गाने को लेकर हुआ ऐसा बवाल, 5 नामजद समेत 45 पर FIR दर्ज

Hardoi के अतरौली में दधि उत्सव के दौरान राजनीतिक गाना बजाने पर विवाद, मारपीट का आरोप। पुलिस ने 5 नामजद समेत 45 लोगों पर FIR दर्ज की।

-

Hardoi News: हरदोई में धार्मिक आयोजन के दौरान राजनीतिक गाना बजाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। अतरौली थाना क्षेत्र के रेहरियामऊ मजरा मंहगवां गांव में दधि उत्सव के दौरान ‘मैनपुरी ने साथ निभाया, डिंपल यादव जीत गईं’ गाना बज रहा था। आरोप है कि भगवान श्रीकृष्ण का भजन बजाने की मांग करने पर एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर दी गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कई लोगों के साथ मारपीट की गई। पुलिस ने पांच नामजद समेत 45 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कार्यक्रम में डांस का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।

दधि उत्सव में भजनों की जगह बजा राजनीतिक गाना

Hardoi जिला मुख्यालय से करीब 75 किलोमीटर दूर रेहरियामऊ मजरा मंहगवां गांव में 10 सितंबर को जगदीश यादव के दरवाजे पर दधि उत्सव का आयोजन किया गया था। धार्मिक कार्यक्रम में चार महिलाएं नृत्य कर रही थीं। इसी दौरान कार्यक्रम में बार-बार ‘मैनपुरी ने साथ निभाया, डिंपल यादव जीत गईं’ गाना बजाया जा रहा था। गांव के रहने वाले देशराज ने आयोजकों से भगवान श्रीकृष्ण का गाना चलाने को कहा। आरोप है कि उनकी इस मांग पर राजू यादव समेत कुछ लोगों ने विवाद शुरू कर दिया। देशराज का कहना है कि आयोजकों ने अपनी पसंद के गाने बजाने की बात कही और इसके बाद मामला बिगड़ गया।

- Advertisement -

गाना बदलने की मांग पर मारपीट का आरोप

देशराज ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि विवाद के दौरान उनके साथ जातिसूचक गालियां देकर मारपीट की गई। उनका आरोप है कि राजू यादव, दुर्गेश यादव, विवेक यादव, सचिन यादव और रितेश यादव समेत अन्य लोग विवाद में शामिल थे। कुछ ही देर में आरोपियों के रिश्तेदार और परिवार के दूसरे लोग भी मौके पर पहुंच गए। देशराज के मुताबिक, करीब 30 से 40 लोगों ने उनके साथ मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। इस दौरान रंजीत और अरुण को चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए ले जाया गया। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान महिलाओं और बच्चों को भी दौड़ाकर पीटा गया। राजेश, प्रेम, अनुज, गोलू, राजेंद्र, जोगिंदर, आशीष और रंजीत की मां ऊषा समेत कई लोगों के साथ मारपीट का आरोप लगाया गया है।

पांच नामजद और 40 अज्ञात लोगों पर केस

घटना के बाद देशराज ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। अतरौली पुलिस ने उनकी तहरीर के आधार पर रविवार रात पांच नामजद आरोपियों और 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। नामजद आरोपियों में राजू यादव, दुर्गेश यादव, विवेक यादव, सचिन यादव और रितेश यादव शामिल हैं। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि विवाद के बाद उन्हें गांव में नहीं रहने देने की धमकी भी दी गई। प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है। मारपीट समेत तहरीर में लगाए गए अन्य आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वायरल वीडियो से धार्मिक आयोजन पर उठे सवाल

दधि उत्सव के दौरान हुए नाच-गाने का वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर सामने आया। वीडियो में स्टेज पर राजनीतिक गाने बजते और महिलाएं नृत्य करती दिखाई दे रही हैं। वीडियो वायरल होने के बाद धार्मिक कार्यक्रम में राजनीतिक गानों के इस्तेमाल को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा शुरू हो गई। लोगों ने आयोजन के स्वरूप पर सवाल उठाए हैं। हालांकि, वायरल वीडियो से अकेले पूरे विवाद की पुष्टि नहीं होती। पुलिस एफआईआर में दर्ज आरोपों और सामने आए वीडियो की जांच कर रही है। अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि कार्यक्रम के दौरान विवाद किस तरह शुरू हुआ और मारपीट में कौन-कौन लोग शामिल थे। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Read More-अस्पतालों में तीन दिनों तक भटकती रही निशा, आखिर ऐसा क्या हुआ? गर्भवती सहित दो जुड़वा बच्चों की मौत

- Advertisement -

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest posts