Homeउत्तर प्रदेशमुंडन कराकर लौट रहे परिवार की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 5 की मौत; 13...

मुंडन कराकर लौट रहे परिवार की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 5 की मौत; 13 घायल, मची चीख-पुकार

सीतापुर के पिसावां में तेज रफ्तार ट्रक ने मुंडन से लौट रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। हादसे में एक बच्ची समेत 5 लोगों की मौत और कई लोग घायल हुए। CM योगी ने मुआवजे का ऐलान किया।

-

Sitapur Road Accident: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में धनतेरस के दिन एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। हरदोई में मुंडन संस्कार में शामिल होकर घर लौट रहे परिवार की ट्रैक्टर-ट्रॉली को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रॉली सड़क पर पलट गई और उसमें सवार लोग नीचे दब गए। इस हादसे में एक बच्ची समेत पांच लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

ट्रक की टक्कर से पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, मौके पर मची चीख-पुकार

सीतापुर जिले के पिसावां थाना क्षेत्र में हिम्मतनगर गांव के पास यह भीषण दुर्घटना हुई। जानकारी के मुताबिक, हरदोई जिले के पिहानी थाना क्षेत्र स्थित रायपुर गांव के एक धार्मिक स्थल पर मुंडन संस्कार का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें शामिल होने के लिए बरगवां गांव से परिवार के सदस्य और रिश्तेदार पहुंचे थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पिहानी मार्ग पर कुलहाघाट के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। उसमें बैठे लोग सड़क पर गिर पड़े और कई लोग ट्रॉली के नीचे दब गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

एक बच्ची समेत पांच की मौत, मां-बेटी ने भी गंवाई जान

इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में काजल, सुशीला (50), रूबी (22), सुनीता (40) और रामवती (55) शामिल हैं। सभी बरगवां गांव की रहने वाली थीं। हादसे की सबसे दुखद बात यह रही कि जान गंवाने वालों में मां-बेटी भी शामिल थीं। सुशीला और उनकी 22 वर्षीय बेटी रूबी की दुर्घटना में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रॉली पलटने के बाद उसके नीचे दबने से लोगों को गंभीर चोटें आईं। वहीं, हादसे में करीब 17 लोग घायल हुए हैं। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। इनमें कई की हालत गंभीर बताई गई। प्रेमवती और उन्नति को बेहतर इलाज के लिए सीतापुर रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों का इलाज नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में कराया गया।

पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पिसावां थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने भी राहत और बचाव कार्य में पुलिस की मदद की। ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में प्रेमवती, आशा, चमेली, गुड़िया, रूबी, कल्पना, कंचना, दुलारी, रामबेटी, रामदेवी, रामसुखी, जाह्नवी, मुन्नी देवी, जीतू, मायावती और उन्नति समेत अन्य लोग शामिल बताए गए हैं। किसी के पैर में फ्रैक्चर है तो किसी को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। जिस परिवार में मुंडन संस्कार की खुशियां थीं, वहां अब अपनों को खोने का गम पसरा हुआ है।

CM योगी ने किया मुआवजे का ऐलान, अधिकारियों को दिए निर्देश

सीतापुर हादसे की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने और राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और हादसे में घायल लोगों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की। धनतेरस जैसे त्योहार के दिन हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। फिलहाल सभी की नजरें घायलों की सेहत पर टिकी हैं। परिवार और ग्रामीण अपनों के जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद कर रहे हैं।

Read More-UP में पुलिस चौकी के अंदर अचानक कैसे हुआ जोरदार धमाका? दरोगा और डिलीवरी बॉय घायल, जांच में जुटी कई टीमें

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest posts