Homeउत्तर प्रदेशलखनऊलखनऊ में कुत्ते के भौंकने पर बाइक रोक निकाली राइफल और चला...

लखनऊ में कुत्ते के भौंकने पर बाइक रोक निकाली राइफल और चला दी गोली, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

लखनऊ के राजाजीपुरम में बाइक सवार युवक पर स्ट्रीट डॉग को राइफल से गोली मारने का आरोप है। CCTV में कैद घटना के बाद NGO ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

-

लखनऊ के राजाजीपुरम इलाके में स्ट्रीट डॉग को गोली मारने का मामला सामने आया है। तालकटोरा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक बाइक सवार युवक ने कथित तौर पर कुत्ते पर राइफल से फायर कर दिया। बताया जा रहा है कि यह घटना ब्लॉक-सी में ग्रीनफील्ड स्कूल और विशन ऑप्टिकल के आसपास हुई। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। मामले की जानकारी मिलने के बाद पशु संरक्षण से जुड़ी संस्था ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

भौंकने की आवाज सुनकर बाइक रोकने के बाद चला दी गोली

CCTV फुटेज में एक युवक बाइक से सड़क पर आता दिखाई दे रहा है। उसके कंधे पर राइफल लटकी हुई नजर आ रही है। इसी दौरान सड़क किनारे मौजूद कुछ कुत्ते उसकी तरफ भौंकते हैं। इसके बाद बाइक सवार अचानक रुकता है और नीचे उतर जाता है। आरोप है कि उसने राइफल में कारतूस डालकर एक कुत्ते को निशाना बनाया और फायर कर दिया। गोली लगने के बाद कुत्ता सड़क पर गिर जाता है। इसके बाद युवक बाइक लेकर वहां से निकल जाता है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पशु प्रेमियों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

- Advertisement -

NGO ने पुलिस से की सख्त कार्रवाई की मांग

घटना की जानकारी मिलने के बाद ‘आसरा द हेल्पिंग हैंड्स ट्रस्ट’ की टीम मौके पर पहुंची। संस्था की संचालिका चारु खरे और एनिमल राइट्स एक्टिविस्ट अनु बोस की ओर से तालकटोरा थाने में तहरीर दी गई है। संस्था ने आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता से जुड़े कानून और शस्त्र अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग की है। NGO के अनुसार, मृत कुत्ते के शव को सुरक्षित रखवाया गया है और पुलिस से पोस्टमार्टम कराने की मांग की गई है। संस्था का कहना है कि इससे मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई में मदद मिलेगी।

पुलिस खंगाल रही CCTV, बाइक सवार की पहचान की कोशिश

रिहायशी इलाके में राइफल से फायरिंग की घटना ने लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। तालकटोरा पुलिस के मुताबिक शिकायत के आधार पर मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज भी देख रही है, ताकि आरोपी की पहचान और बाइक का नंबर पता लगाया जा सके। नीली वर्दी पहने दिख रहे युवक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद आरोपी के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।

Read More-राहुल गांधी के मार्च के बाद EC का बड़ा कदम, ज्ञानेश कुमार को लेकर क्या लिया फैसला?

- Advertisement -

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest posts