Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के राजेंद्र नगर इलाके से एक बेहद दुखद और हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां विजन अपार्टमेंट के एक फ्लैट में 17 साल के एक नाबालिग लड़के ने अपनी ही 42 वर्षीय मां सरिता (बदला हुआ नाम) पर लोहे के औजार से हमला कर उनकी हत्या कर दी। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने जब मामले की पड़ताल शुरू की, तो इस खौफनाक कदम के पीछे सालों पुरानी दिमागी बीमारी और एक गहरे मानसिक तनाव की बात सामने आई।
खुद को लड़की मानने लगा था बेटा
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी लड़का पिछले 5-6 सालों से गंभीर मानसिक परेशानी से जूझ रहा था। बीमारी के दौरान उसमें एक बड़ा बदलाव यह आया कि वह खुद को मानसिक रूप से एक लड़की समझने लगा था। बेटे की इस बिगड़ती हालत और जेंडर की उलझन को ठीक करने के लिए परिवार ने Lucknow के मशहूर नूर मंजिल और केजीएमयू अस्पताल के बड़े डॉक्टरों से उसका लंबा इलाज कराया। पिता के पास इलाज से जुड़े तमाम दस्तावेज मौजूद हैं, लेकिन डॉक्टरों की पूरी कोशिशों के बावजूद समय के साथ लड़के का गुस्सा और चिड़चिड़ापन बढ़ता ही चला गया।
घर से अलग रहता था लड़का, मां से मिलने की जिद बनी आखिरी रात
घर में हर दिन बढ़ते तनाव और बेटे के अनियंत्रित व्यवहार को देखते हुए करीब चार महीने पहले उसे थोड़ी दूरी पर एक अलग कमरा किराए पर दिलवा दिया गया था। उसके रहने, खाने और इलाज का पूरा खर्च पिता ही उठा रहे थे। अलग रहने के बावजूद वह अक्सर अपनी मां से मिलने के लिए जिद किया करता था। गुरुवार की रात भी वह अपनी इसी जिद के कारण घर आया था। लेकिन किसी ने सोचा भी नहीं था कि जिस मां की ममता उसे खींचकर घर लाई थी, वही मुलाकात उसकी मां का आखिरी दिन बन जाएगी। घर पहुंचते ही किसी बात पर दोनों में बहस हुई और लड़के ने आपा खोकर पास रखा भारी औजार मां के सिर पर मार दिया।
कत्ल के बाद खुद फोन कर बोला- मैंने मां को मार दिया
वारदात को अंजाम देने के बाद लड़का मौके से भागा नहीं। उसने खुद अपने मोबाइल से Lucknow पुलिस कंट्रोल रूम में फोन किया और बिना किसी डर के कहा कि उसने अपनी मां की हत्या कर दी है। खबर मिलते ही नाका थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। कमरे में हर तरफ खून फैला था और महिला दम तोड़ चुकी थी। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जरूरी सबूत जुटाए हैं। फिलहाल Lucknow पुलिस ने आरोपी नाबालिग को अपनी हिरासत में ले लिया है और बाल मित्र पुलिसिंग के नियमों के तहत उससे पूछताछ की जा रही है।
Read More-RSS कार्यकर्ता पर लाठी-डंडों से हमला; इलाज के दौरान हुई मौत, आखिर कौनसा विवाद बना जानलेवा?
