मेरठ होटल कांड: होटल में युवती को बंधक बनाने और दुष्कर्म के प्रयास के मामले में फरार चल रहे आरोपी सलमान को पकड़ने के लिए मेरठ पुलिस ने घेराबंदी की पूरी योजना बनाई थी। पुलिस को उसकी लोकेशन की जानकारी मुखबिर से मिली, जिसके बाद टीम ने निर्माणाधीन अंडरपास के आसपास मोर्चा संभाल लिया। खुद को पुलिस से घिरा देखकर सलमान ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस की कार्रवाई और भागने की कोशिश के बीच वह पुल से नीचे जा गिरा। आखिरकार पुलिस ने उसे घायल हालत में दबोच लिया।
मुखबिर ने दी सूचना, पुलिस ने इलाके में बिछाया जाल
25 नवंबर को मेरठ पुलिस अपराधियों की तलाश में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि होटल में युवती को बंधक बनाने का आरोपी सलमान ग्राम नारहेड़ा के पास निर्माणाधीन अंडरपास के नजदीक छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई। आरोपी को भागने का मौका न मिले, इसके लिए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के रास्तों की घेराबंदी शुरू कर दी। टीम ने सलमान की संभावित मौजूदगी वाले इलाके को चारों तरफ से घेर लिया।
पुलिस को देखते ही तमंचे से करने लगा फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, जैसे ही सलमान की नजर पुलिस टीम पर पड़ी, उसने गिरफ्तारी से बचने के लिए फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने उसे रुकने और आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन वह पीछे हटने के बजाय भागने लगा। इस दौरान पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की और उसकी घेराबंदी जारी रखी। सलमान पुलिस से बचने के लिए निर्माणाधीन पुल की तरफ चढ़ गया। इसी दौरान जल्दबाजी में उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पुल से नीचे जा गिरा।
पुल से गिरकर टूटा भागने का इरादा, पुलिस ने दबोचा
नीचे गिरने से सलमान के दाहिने पैर और बाएं हाथ में चोट आई। घायल होने के कारण वह मौके से भाग नहीं सका और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद आरोपी अपनी गलती की बात कहते हुए माफी मांगता रहा। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सलमान रोहटा थाना क्षेत्र के शाहपुर जैननगर का निवासी है और सदर बाजार थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 273/2026 में वांछित था।
होटल में दो दिन तक युवती को रखा था बंधक
मामले की शुरुआत गाजियाबाद निवासी युवती की शिकायत से हुई थी। बताया गया कि उसकी मुलाकात करीब एक साल पहले सलमान से हुई थी। दोनों एक निजी कंपनी में काम करते थे। युवती की शादी तय होने के बाद उसने नौकरी छोड़ दी और सलमान से दूरी बना ली। आरोप है कि दो दिन पहले मेरठ आने पर सलमान ने उसे नौकरी दिलाने का झांसा देकर आबूलेन स्थित स्क्वायर होटल बुलाया और कमरे में बंधक बना लिया। युवती ने वहां से निकलने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उसे पकड़कर वापस ले जाने का प्रयास किया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दुष्कर्म के प्रयास और एससी-एसटी एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। अब आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Read More-‘बचाओ-बचाओ’ चिल्लाते हुए होटल से भागी युवती, फिर अंदर खींच कर ले गया युवक, भीड़ जुटी तो…
