लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि अगर बीजेपी दोबारा सत्ता में आती है तो CM की कुर्सी किसे मिलेगी? इस सवाल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के बयानों ने राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है। एक इंटरव्यू में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मुख्यमंत्री चेहरा कौन है, यह सबको पता है। वहीं, केशव प्रसाद मौर्य ने इसके जवाब में कहा कि मुख्यमंत्री का फैसला विधायक दल करेगा। उनके इस बयान के बाद बीजेपी के भीतर नेतृत्व को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
योगी बोले- CM फेस कौन है, यह सब जानते हैं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जब 2027 के चुनाव में बीजेपी के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने साफ संकेत देने वाले अंदाज में जवाब दिया। योगी ने कहा कि कमल का फूल बीजेपी की पहचान है और सभी को इसी चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ना है। उन्होंने यह भी कहा कि वह खुद भी कमल के फूल पर ही चुनाव लड़ेंगे। योगी के इस बयान को उनके मुख्यमंत्री चेहरे पर पूछे गए सवाल का सियासी जवाब माना जा रहा है। राजनीतिक जानकार इस टिप्पणी को केशव प्रसाद मौर्य के पहले दिए गए बयान से जोड़कर देख रहे हैं।
केशव मौर्य बोले- विधायक दल तय करेगा मुख्यमंत्री
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर अलग रुख दिखाया। उन्होंने कहा कि बीजेपी में मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इसका फैसला विधायक दल करेगा। योगी आदित्यनाथ भी मुख्यमंत्री बन सकते हैं और पार्टी किसी अन्य नेता को भी यह जिम्मेदारी दे सकती है। इससे पहले केशव मौर्य ने कहा था कि बीजेपी का कमल का फूल ही मुख्यमंत्री का चेहरा है। दोनों नेताओं के बयानों की तुलना की जा रही है और इसे 2027 के चुनाव से पहले प्रदेश बीजेपी की राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
मां के निधन पर बोले योगी- यही है संन्यासी धर्म
इंटरव्यू के दौरान योगी आदित्यनाथ से उनकी मां के निधन के समय की परिस्थितियों को लेकर भी सवाल पूछा गया। उनसे पूछा गया कि माताजी के निधन के बाद वह जरूरी काम निपटाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रिसीव करने हरिद्वार पहुंच गए थे। इस पर योगी ने कहा कि यही संन्यासी धर्म है। उन्होंने खुद को पार्टी का एक सामान्य कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि वह विचारधारा, मूल्यों और आदर्शों की राजनीति में विश्वास रखते हैं। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी उन आदर्शों के प्रति प्रतिबद्ध है।
भगवा वस्त्रों पर बोले योगी- किसी की वजह से नहीं बदलूंगा
अपने पहनावे और धार्मिक पहचान पर उठने वाले सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें अपने देश और धर्म पर गर्व है। अगर किसी को उनके भगवा वस्त्रों से परेशानी है तो वह इसकी चिंता नहीं करते। उन्होंने साफ कहा कि किसी के कहने पर वह अपने कपड़े नहीं बदलेंगे। योगी ने जापान दौरे का उदाहरण देते हुए बताया कि वह वहां भी अपने पारंपरिक भगवा वस्त्र पहनकर गए थे। अब 2027 के चुनाव से पहले योगी और केशव मौर्य के इन बयानों ने यूपी बीजेपी की राजनीति में मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर चर्चा को और तेज कर दिया है।
