मेरठ होटल कांड: उत्तर प्रदेश के मेरठ के चर्चित आबूलेन होटल कांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपी सलमान (29) को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। 25 नवंबर 2026 को लोहिया नगर पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसके बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद सामने आए एक वीडियो ने इस मामले को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। वीडियो में घायल सलमान पुलिसकर्मियों के सामने रोता हुआ दिखाई दे रहा है। वह बार-बार कहता नजर आ रहा है, ‘सर, गलती हो गई, माफ कर दो।’ जिस आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी, उसकी गिरफ्तारी के बाद अब इस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।
नारहेड़ा के पास पुलिस ने की घेराबंदी, मुठभेड़ में घायल हुआ आरोपी
पुलिस के मुताबिक, सलमान की तलाश के दौरान लोहिया नगर पुलिस को उसकी लोकेशन ग्राम नारहेड़ा के पास मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने निर्माणाधीन अंडरपास के नजदीक घेराबंदी कर उसे पकड़ने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि खुद को पुलिस से घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। इसी दौरान भागने की कोशिश में सलमान पुल से नीचे गिर गया। इस घटना में उसके पैर में गोली लगने के साथ हाथ-पैर में भी चोटें आईं। पुलिस ने मौके से एक अवैध .315 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए मेरठ के जिला अस्पताल यानी पीएल शर्मा चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
होटल स्क्वायर में युवती को बंधक बनाने का लगा था आरोप
यह पूरा मामला मेरठ के आबूलेन बाजार स्थित होटल स्क्वायर से जुड़ा है। गाजियाबाद की रहने वाली 24 वर्षीय हिन्दू युवती ने आरोप लगाया था कि उसका पूर्व परिचित सलमान उसे होटल में बुलाकर ले गया था। युवती के अनुसार, वहां उसे पूरी रात बंधक बनाकर रखा गया, उसके साथ मारपीट की गई और शादी करने के लिए दबाव बनाया गया। मामला तब सामने आया जब युवती ने होटल से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने की कोशिश की। आरोप है कि सलमान ने उसे भागते हुए पकड़ लिया और जबरन वापस होटल की ओर ले जाने लगा। इस दौरान युवती के साथ बदसलूकी और मारपीट की बात भी सामने आई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
CCTV में कैद हुई घटना, सड़क पर युवती को पकड़कर वापस ले गया था आरोपी
इस घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया। फुटेज में दिखाई देता है कि युवती तेजी से गली से निकलकर सड़क की तरफ भागती है। उसके पीछे एक युवक भी आता है और उसे पकड़ लेता है। युवती खुद को छुड़ाकर भागने की कोशिश करती है, लेकिन युवक उसे दबोचकर नीचे गिरा देता है। इसके बाद वह उसे उठाकर उसी गली की तरफ ले जाने लगता है, जहां से युवती बाहर निकली थी। घटना के समय सड़क पर वाहन और आसपास लोग भी मौजूद दिखाई देते हैं। हालांकि, शुरुआत में किसी ने तत्काल हस्तक्षेप नहीं किया। कुछ देर बाद वहां लोगों की भीड़ जुटी और युवती को आरोपी से छुड़ाया गया। मौके पर मौजूद एक युवती ने पीड़िता को संभाला और पानी पिलाया। इस फुटेज के सामने आने के बाद लोगों में घटना को लेकर नाराजगी देखने को मिली।
होटल सील, मैनेजर से पूछताछ; अब आरोपी से होगी आगे की पूछताछ
होटल कांड सामने आने के बाद प्रशासन ने भी सख्त कदम उठाए। आरोप है कि होटल प्रबंधन ने हिन्दू युवती को वैध पहचान पत्र की जांच किए बिना कमरा उपलब्ध कराया था और जरूरी नियमों का पालन नहीं किया गया। इसके बाद प्रशासन ने होटल को सील कर दिया। होटल मैनेजर को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है। वहीं, मुख्य आरोपी सलमान की गिरफ्तारी को पुलिस के लिए इस मामले में बड़ी सफलता माना जा रहा है। अब पुलिस उससे पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाएगी।
Read More-‘बचाओ-बचाओ’ चिल्लाते हुए होटल से भागी युवती, फिर अंदर खींच कर ले गया युवक, भीड़ जुटी तो…
