Meerut News: गाजियाबाद की रहने वाली पीड़िता की पहचान करीब एक साल पहले मेरठ के सलमान से एक निजी कंपनी में साथ काम करने के दौरान हुई थी। हाल ही में युवती का रिश्ता तय हुआ तो उसने नौकरी छोड़ दी और सलमान से दूरी बना ली। दो दिन पहले जब वह अपनी सहेली से मिलने मेरठ पहुंची, तो सलमान को इसकी भनक लग गई। आरोप है कि उसने काम दिलाने का झांसा देकर युवती को बुलाया और आबूलेन स्थित होटल स्क्वायर के एक कमरे में दो दिन तक बंधक बनाए रखा। इस दौरान उस पर शादी के लिए दबाव बनाने का आरोप भी सामने आया है।
सड़क पर पटकने का वीडियो और छत से फरार हुआ आरोपी
घटना तब सामने आई जब युवती किसी तरह होटल से निकलकर गली की ओर भागी और मदद के लिए आवाज लगाई। सामने आई फुटेज के मुताबिक, एक युवक ने उसे सड़क पर दबोच लिया, जमीन पर गिराया और फिर वापस गली की तरफ खींच ले गया। आसपास लोग मौजूद थे, लेकिन कुछ देर बाद भीड़ जुटने पर युवती को बाहर निकाला गया और एक स्थानीय युवती ने उसे संभालकर पानी पिलाया। इसी बीच मौका पाकर सलमान होटल की छत के रास्ते भाग निकला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीड़िता को थाने पहुंचाया और उसकी शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया।
होटल संचालक पर सवाल और संगठनों का विरोध
बिना पहचान पत्र के कमरा देने के आरोपों को लेकर होटल स्क्वायर के संचालक की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है। इस वारदात के बाद स्थानीय संगठनों में नाराजगी देखी गई और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई व एनकाउंटर की मांग उठी। महिला सुरक्षा को लेकर खड़े हुए सवालों के बीच मेरठ पुलिस ने सलमान की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
