Agra News: आगरा के एकता थाना क्षेत्र के पचगईं खेड़ा गांव से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पिता पर अपनी 17 वर्षीय बेटी की हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस के मुताबिक, किशोरी की गांव के ही एक युवक से दोस्ती थी, जिसे लेकर उसका पिता नाराज रहता था। मंगलवार शाम किशोरी बिना बताए घर से चली गई थी और देर रात करीब एक बजे वापस लौटी। इसके बाद से ही घर में तनाव का माहौल बताया जा रहा है। गुरुवार दोपहर जब किशोरी की मां रजनी किसी काम से बाहर गई हुई थी और उसका भाई लवकुश नौकरी के सिलसिले में गुरुग्राम चला गया, तब घर में पिता और बेटी अकेले थे। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ और आरोपी पिता ने कथित तौर पर धारदार हथियार से बेटी पर हमला कर दिया।
पहले सिर पर वार, फिर गला काटने का आरोप
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पहले किशोरी के सिर पर धारदार हथियार से हमला किया। इसके बाद उसके गले पर वार कर दिया। गंभीर चोटों के कारण किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद घर में खून से लथपथ शव पलंग पर पड़ा मिला। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता भागने के बजाय खुद एकता थाने पहुंच गया। वहां उसने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी और सरेंडर कर दिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बेटी की दोस्ती को हत्या की वजह बताया। पुलिस का कहना है कि आरोपी को अपने किए पर पछतावा नहीं था। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
आगरा में ऐसी तीसरी घटना, ऑनर किलिंग ने बढ़ाई चिंता
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है और हत्या से जुड़े सभी पहलुओं को देखा जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात के पीछे सिर्फ बेटी की दोस्ती को लेकर नाराजगी थी या कोई अन्य वजह भी थी। इस घटना ने एक बार फिर परिवार की कथित ‘इज्जत’ के नाम पर बेटियों के खिलाफ होने वाली हिंसा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस के अनुसार, Agra में हाल के दिनों में इस तरह की यह तीसरी घटना है। इससे पहले बाह क्षेत्र में भी एक पिता पर अपनी बेटी की हत्या का आरोप लगा था। एक अन्य मामले में दिल्ली से बेटी को लेकर आए पिता पर चंबल नदी में उसकी हत्या करने का आरोप लगा था। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने सामाजिक सोच और बेटियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा की है।
Read More-UP में 26 डॉक्टरों पर एक साथ बड़ा एक्शन, डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने क्यों लिया इतना सख्त फैसला?
