Lucknow News: लखनऊ के गुडंबा इलाके में पति को दूसरी महिला के साथ देखकर पत्नी ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि पत्नी ने महिला के साथ मारपीट भी की। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। मामले में पति के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की गई है।
पति को दूसरी महिला के साथ देखकर पत्नी ने किया हंगामा
लखनऊ के गुडंबा क्षेत्र में उस समय हंगामा मच गया, जब एक महिला अपने पति को दूसरी महिला के साथ एक फ्लैट में पकड़ने पहुंच गई। अतरौली निवासी सबा को कथित तौर पर जानकारी मिली थी कि उनके पति अल्सफ बेग किसी महिला के साथ कुर्सी रोड स्थित सुलभ अपार्टमेंट में मौजूद हैं। इसके बाद वह मौके पर पहुंचीं। आरोप है कि फ्लैट में पति को दूसरी महिला के साथ देखने के बाद सबा ने विरोध किया और दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। इस दौरान महिला के साथ मारपीट और थप्पड़ मारने की बात भी सामने आई है।
2021 में हुई थी शादी, पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप
सबा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी शादी अल्सफ बेग से 9 जून 2021 को हुई थी। अल्सफ एक ग्राम पंचायत में सचिव के पद पर कार्यरत हैं। महिला का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति उसके साथ मारपीट करता रहा और कई बार जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत के मुताबिक, ससुराल वालों ने भी उसे घर से निकाल दिया था। इसके बाद वह पति के साथ किराए के मकान में रहने लगी। दोनों की करीब ढाई साल की एक बेटी भी है।
शराब-ड्रग्स और दूसरी महिलाओं से संबंध का आरोप
महिला ने अपने पति पर शराब और ड्रग्स का सेवन करने का भी आरोप लगाया है। उसका कहना है कि पति पत्नी और बच्ची की ठीक से देखभाल नहीं करता। शिकायत में दूसरी महिलाओं के साथ संबंध होने का आरोप भी लगाया गया है। इतना ही नहीं, पत्नी ने पति पर गैरकानूनी गतिविधियों और सेक्स रैकेट चलाने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। महिला के मुताबिक, 15 अगस्त को उसने पति को एक अन्य महिला के साथ अपार्टमेंट के बी ब्लॉक में आपत्तिजनक स्थिति में देखा था।
पुलिस ने पति के खिलाफ की शांति भंग की कार्रवाई
विवाद की सूचना मिलने पर यूपी-112 की टीम मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को शांत कराया। इसके बाद पति-पत्नी समेत दोनों पक्षों को गुडंबा थाने ले जाया गया। गुडंबा इंस्पेक्टर अंजनी कुमार मिश्रा के अनुसार, महिला ने पति के खिलाफ उत्पीड़न और मारपीट समेत कई आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने पति-पत्नी के विवाद को मीडिएशन के लिए भेज दिया है। वहीं, सचिव अल्सफ बेग के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की गई है। मामले में लगाए गए अन्य आरोपों की जांच की जा रही है।
Read More-त्योहारों से पहले चीनी की कीमत पर लगेगी लगाम? सरकार लेने जा रही बड़ा फैसला
