बांग्लादेश में एक बार फिर राजनीतिक तनाव के बीच आगजनी और हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं। नरैल जिले के कालिया इलाके में 20 नवंबर को कई मकानों और दुकानों को निशाना बनाया गया। सोशल मीडिया पर आवामी लीग से जुड़े छात्र संगठन के अध्यक्ष अल अमीन रहमान ने दावा किया कि करीब 200 हिंदू परिवारों के घरों में आग लगा दी गई। इस दावे के सामने आने के बाद भारत में भी इस घटना को लेकर चर्चा शुरू हो गई। हालांकि, इस संख्या और हिंदू परिवारों को निशाना बनाए जाने की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, आगजनी में मुख्य रूप से प्रतिबंधित आवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं से जुड़े मकानों को निशाना बनाया गया। आग की चपेट में पूर्व सांसद बीएम कबीरुल हक मुक्ति और पूर्व नगरपालिका मेयर फकीर मुशफिकुर रहमान लिटन से जुड़े आवास भी आए।
दो नेताओं की हत्या के बाद क्यों भड़की हिंसा? सामने आई ये वजह
इस पूरे मामले की शुरुआत 18 नवंबर को हुई एक राजनीतिक घटना से जुड़ी बताई जा रही है। नरैल के कालिया इलाके में आवामी लीग के कार्यकर्ताओं पर BNP के एक जुलूस पर हमला करने का आरोप लगा था। इस घटना में BNP से जुड़े दो नेताओं शाहीन शेख और सोहेल मोल्ला की मौत हो गई थी। इसके बाद 20 नवंबर को मृतकों के परिजनों और समर्थकों समेत कुछ लोगों ने आवामी लीग से जुड़े नेताओं के घरों पर हमला कर दिया। कई मकानों में तोड़फोड़ की गई और आग लगा दी गई। स्थानीय अग्निशमन विभाग के मुताबिक, करीब 20 से 30 मकान आग की चपेट में आए थे। वहीं कुछ रिपोर्टों में 40 या उससे अधिक घरों के प्रभावित होने की बात भी सामने आई है। घटना के बाद इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया।
200 हिंदू घर जलाने के दावे पर पुलिस का बड़ा बयान, बताई वायरल वीडियो की सच्चाई
इस मामले में सबसे अहम मोड़ तब आया, जब बांग्लादेश पुलिस ने हिंदू परिवारों के 200 घर जलाने के दावे को खारिज कर दिया। 21 नवंबर को जारी बयान में नरैल पुलिस ने कहा कि बेंदर चार गांव में हिंदू परिवारों की बस्ती नहीं है और वहां किसी हिंदू परिवार या उनके व्यावसायिक प्रतिष्ठान पर हमला नहीं हुआ। पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कुछ वीडियो को पुराना और कुछ को AI की मदद से तैयार किया गया बताया। वहीं BNP के स्थानीय नेताओं ने भी 200 हिंदू घर जलाने की खबरों को गलत बताया है। हालांकि, स्थानीय मीडिया रिपोर्टों में एक हिंदू आवामी लीग नेता के घर को नुकसान पहुंचने का भी उल्लेख है। ऐसे में आगजनी की घटना वास्तविक है, लेकिन इसे 200 हिंदू परिवारों पर हमले के रूप में पेश किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल इस घटना ने बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव और सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
Read More-भारत की किस बात के मुरीद हुए व्लादिमीर पुतिन? PM मोदी से बातचीत का जिक्र कर कही दिल छू लेने वाली बात
