सोशल मीडिया पर शुरू हुई एक प्रेम कहानी का अंत बेहद दुखद घटना के रूप में हुआ। बिहार के मुजफ्फरपुर में 22 वर्षीय अमरजीत राम का शव शनिवार को उसके घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजनों के मुताबिक, प्रेम विवाह के बाद उसे जेल जाना पड़ा था। करीब तीन महीने पहले ही वह रिहा होकर घर लौटा था। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
इंस्टाग्राम पर बातचीत से शुरू हुआ रिश्ता
मामला मीनापुर थाना क्षेत्र की अलीनेउरा पंचायत के छेगन नेउरा गांव का है। अमरजीत राम, विनोद राम का बेटा था। उसके चचेरे भाई अमर कुमार के अनुसार, अमरजीत की पहचान इंस्टाग्राम पर रील्स देखने और चैटिंग के दौरान उत्तर प्रदेश के जौनपुर की रहने वाली सुरभि पटेल से हुई थी। बातचीत बढ़ी तो दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे और बाद में परिवार की सहमति के बिना शादी कर ली।
शादी के बाद दर्ज हुआ मुकदमा, दो साल जेल में रहा युवक
शादी के बाद युवती के पिता ने जौनपुर में अमरजीत के खिलाफ अपहरण और जबरन विवाह का केस दर्ज कराया था। युवती के नाबालिग होने की बात सामने आने के बाद जुवेनाइल कोर्ट के आदेश पर अमरजीत को करीब दो साल जेल में रहना पड़ा। लगभग तीन महीने पहले वह रिहा होकर अपने गांव लौटा था। परिजनों का कहना है कि जेल से आने के बाद भी दोनों के बीच फोन पर बातचीत जारी थी।
रेलवे स्टेशन पर तलाशता रहा पत्नी, घर लौटने के बाद मिला शव
परिवार के मुताबिक, बुधवार को युवती ने फोन कर अमरजीत को बताया कि वह घर छोड़कर मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन पहुंच गई है। यह सुनकर अमरजीत गाड़ी लेकर स्टेशन गया और काफी देर तक पत्नी को तलाशता रहा, लेकिन वह नहीं मिली। इसके बाद से वह परेशान रहने लगा था। शनिवार सुबह परिजनों ने कमरे में उसका शव फंदे से लटका देखा। सूचना पर मीनापुर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह और घटनाक्रम के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
