‘हनुमान अंश’ (Hanuman Ansh) की सफलता के बाद लेखक-निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने अपनी अगली फिल्म ‘राम बोला’ (Ram Bola) की घोषणा कर दी है। 14 सितंबर को किए गए इस ऐलान के साथ फिल्म की कहानी को लेकर भी जानकारी सामने आई है। ‘राम बोला’ (Ram Bola) भारत के महान कवि और संत गोस्वामी तुलसीदास के जीवन, भक्ति और साहित्यिक सफर पर आधारित होगी। फिल्म में यह दिखाने की कोशिश की जाएगी कि तुलसीदास की आध्यात्मिक यात्रा ने भारतीय संस्कृति और साहित्य को किस तरह प्रभावित किया।
महावीर जैन समेत ये निर्माता जुड़े
‘राम बोला’ (Ram Bola) को विशाल चतुर्वेदी के साथ निर्माता महावीर जैन मिलकर बना रहे हैं। फिल्म के प्रोडक्शन की जिम्मेदारी महावीर जैन, विशाल चतुर्वेदी, अमित उपाध्याय और रघुवेंद्र सिंह संभालेंगे। यह फिल्म महावीर जैन फिल्म्स के बैनर तले प्रस्तुत की जाएगी। मेकर्स के मुताबिक, कहानी में तुलसीदास के जीवन के संघर्ष, उनकी रामभक्ति और उनकी रचनाओं की स्थायी विरासत को प्रमुखता दी जाएगी। गोस्वामी तुलसीदास को हिंदी साहित्य और भक्ति परंपरा के सबसे प्रभावशाली कवियों में गिना जाता है।
View this post on Instagram
तुलसीदास की रचनाओं को भी मिलेगा महत्व
गोस्वामी तुलसीदास को ‘रामचरितमानस’ की रचना के लिए विशेष रूप से जाना जाता है। 16वीं शताब्दी में अवधी भाषा में लिखी गई यह कृति आज भी भारतीय समाज और धार्मिक-सांस्कृतिक जीवन में गहरा प्रभाव रखती है। ‘राम बोला’ (Ram Bola) में उनके जीवन की घटनाओं के साथ-साथ उनकी रचनात्मक सोच और आध्यात्मिक बदलाव को भी दिखाया जाएगा। हालांकि, फिल्म की स्टारकास्ट, रिलीज डेट और शूटिंग से जुड़ी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
Hanuman Ansh ने बॉक्स ऑफिस पर किया कमाल
विशाल चतुर्वेदी की फिल्म ‘हनुमान अंश’ (Hanuman Ansh) इस समय सिनेमाघरों में चर्चा में है। नीम करौली बाबा की आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित इस फिल्म में शोभिनव सत्या, विहान शेडगे, चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल तिवारी, अनिल रस्तोगी और गुलशन पांडे नजर आए हैं। फिल्म 7 अगस्त को रिलीज हुई थी और शुरुआत में इसे धीमी ओपनिंग मिली थी। पहले हफ्ते में करीब 1 करोड़ रुपये की कमाई के बाद फिल्म के शो घटाए जाने की खबरें आईं, लेकिन पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ से इसकी कमाई में बड़ा उछाल आया। रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने 200 करोड़ रुपये के क्लब में प्रवेश करते हुए करीब 214.63 करोड़ रुपये का कारोबार किया है।
Read More-महिला बाइक राइडर को पहले रोका, फिर कार से मारी टक्कर… कैमरे में कैद हुआ पूरा मामला
