वेब सीरीज ‘पंचायत’ के पांचवें सीजन का इंतजार कर रहे फैंस के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है। सीरीज के डायरेक्टर दीपक कुमार मिश्रा ने बताया है कि नए सीजन पर काम जारी है। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि फिलहाल एडिटिंग का काम चल रहा है। हालांकि, मेकर्स ने अभी रिलीज की फाइनल तारीख तय नहीं की है। उनके मुताबिक, ‘पंचायत सीजन 5’ अक्टूबर या नवंबर के आसपास रिलीज हो सकता है। अगर सब कुछ तय योजना के मुताबिक रहा तो दर्शकों को इस साल ही फुलेरा गांव की कहानी का अगला हिस्सा देखने को मिल सकता है।
प्रधान जी की हार के बाद बदलेगी कहानी
डायरेक्टर ने नए सीजन की कहानी को लेकर भी संकेत दिए हैं। पिछले सीजन में फुलेरा गांव के चुनाव और प्रधान जी के आसपास की राजनीति को अहम जगह मिली थी। अब चुनाव खत्म हो चुके हैं और प्रधान जी को हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में पांचवें सीजन में उनकी जिंदगी में आने वाले बदलावों पर फोकस किया जाएगा। चुनाव हारने के बाद प्रधान जी किस तरह अपनी जिंदगी आगे बढ़ाते हैं और गांव में उनकी भूमिका कैसी रहती है, यह कहानी का अहम हिस्सा हो सकता है। इसके साथ ही दूसरे किरदारों की जिंदगी में हुए बदलाव भी देखने को मिलेंगे।
अभिषेक फिर फुलेरा में लगाएंगे जोर
‘पंचायत’ की कहानी फुलेरा नाम के काल्पनिक गांव पर आधारित है। इसमें जितेंद्र कुमार ने अभिषेक त्रिपाठी का किरदार निभाया है। अभिषेक पढ़ा-लिखा युवक है, लेकिन शहर में नौकरी नहीं मिलने के बाद वह गांव में पंचायत सचिव की नौकरी करने पहुंचता है। गांव की राजनीति, रिश्तों और रोजमर्रा की परेशानियों के बीच उसकी जिंदगी लगातार नए मोड़ लेती है। सीरीज में रघुबीर यादव, चंदन रॉय, फैसल मलिक, सुनीता राजवार और अन्य कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं।
2020 में शुरू हुआ था सफर
‘पंचायत’ का पहला सीजन साल 2020 में रिलीज हुआ था और इसके बाद इसके तीन और सीजन दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय रहे। अब पांचवें सीजन को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। सीरीज के नए सीजन की कहानी चंदन कुमार ने लिखी है। पहले के सभी सीजन Amazon Prime Video पर रिलीज हुए हैं और पांचवां सीजन भी इसी प्लेटफॉर्म पर आने की उम्मीद है। हालांकि, रिलीज डेट की आधिकारिक घोषणा का अभी इंतजार है। फैंस अब यह जानने के लिए उत्साहित हैं कि प्रधान जी की हार के बाद फुलेरा गांव और अभिषेक की जिंदगी किस दिशा में आगे बढ़ेगी।
Read more-दिल्ली में भरभराकर गिरी 5 मंजिला बिल्डिंग, अंदर थे छात्र! मलबे में दर्जनों के दबे होने की आशंका
