UP News: कानपुर के साढ़ थाना क्षेत्र के हिरनी गांव में रविवार सुबह लगातार बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। करीब साढ़े 9 बजे एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। उस वक्त परिवार के पांच सदस्य घर के अंदर मौजूद थे और देखते ही देखते सभी मलबे में दब गए। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बिना देर किए मलबा हटाने में जुट गए। ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन को घटना की सूचना दी। काफी मशक्कत के बाद सभी लोगों को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए पतारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
पिता और तीन बेटियों ने तोड़ा दम
हिरनी गांव निवासी 45 वर्षीय मुकेश मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिवार में उनकी चार बेटियां काजल (19), माया (16), नीतू (12) और पल्लवी (7) थीं। हादसे के समय पांचों घर के अंदर थे। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मुकेश और उनकी तीन बेटियों माया, नीतू और पल्लवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं काजल गंभीर रूप से घायल मिली। उसकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे कानपुर रेफर कर दिया, जहां हैलट अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया और गांव में भी शोक का माहौल है।
जिस घर में शादी की तैयारी थी, वहां पसरा मातम
इस हादसे ने परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। मृतक की बेटी काजल उर्फ लक्ष्मी की शादी दिसंबर में होने वाली थी। बताया गया कि उसकी शादी एक सम्मेलन के माध्यम से तय हुई थी और परिवार शादी की तैयारियों को लेकर उत्साहित था। लेकिन हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। परिजनों ने घायल काजल के इलाज को लेकर अस्पताल की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में समय पर डॉक्टर उपलब्ध नहीं थे और काजल को तत्काल इलाज नहीं मिल सका। परिवार ने इस मामले की जांच की मांग की है।
लगातार बारिश से कमजोर हो गया था मकान
ग्रामीणों के मुताबिक, इलाके में पिछले कई दिनों से लगातार बारिश हो रही थी। इसकी वजह से कच्चे मकान की दीवारें और छत कमजोर हो गई थीं। रविवार सुबह बारिश के दौरान अचानक मकान का ढांचा ढह गया। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। अधिकारियों की ओर से घटना की जांच की जा रही है। फिलहाल हादसे की वजह लगातार बारिश से मकान कमजोर होना मानी जा रही है, जबकि घायल काजल का अस्पताल में इलाज जारी है।
Read More-फुलेरा गांव में फिर मचेगा धमाल, ‘पंचायत 5’ की रिलीज को लेकर आया नया अपडेट
